पटना में 4 लोगों की संदिग्ध मौत को लेकर बड़ा खुलासा! रची गई थी साजिश

पुलिस ने 3 को किया काबू

Published On

पटना (एजेंसी)। बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को पकड़ा है। इनमें दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने कथित तौर पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर चारों लोगों को पिलाने की बात कही है।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब में वास्तव में कोई जहरीला पदार्थ मौजूद था या नहीं और मौत उसी के कारण हुई, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। अंतिम स्थिति एफएसएल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को बाढ़ थाना क्षेत्र के सैदपुर टोला, बेढ़ना गांव में चार लोगों की अचानक तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी।

परिजन और स्थानीय लोग उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम भी कराया गया है।

पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान लाली कुमार ने कथित तौर पर वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद बताया। पुलिस के अनुसार, मृतक निशु कुमार का आरोपी की बहन के साथ कथित प्रेम संबंध था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि निशु के साथ शराब पीने वाले तीन अन्य लोग भी लाली को कथित तौर पर चिढ़ाते थे। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

जांच के दौरान पुलिस को शराब की सप्लाई से जुड़ी एक कड़ी भी मिली है। पुलिस के मुताबिक, लाली कुमार ने शराब रुदल कुमार से प्राप्त की थी। रुदल सब्जी बेचने का काम करता है। पूछताछ में सामने आया कि रुदल ने कथित तौर पर शराब एक विधि-विरुद्ध बालक से ली थी। पुलिस के अनुसार, उस बालक ने शराब सतीश उर्फ सन्नी से प्राप्त की थी। अब पुलिस सतीश उर्फ सन्नी समेत अन्य संभावित रूप से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से आई और उसमें किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट हुई थी या नहीं।

एफएसएल रिपोर्ट से साफ होगी मौत की असली वजह

एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में लाली कुमार को कथित तौर पर मुख्य षड्यंत्रकर्ता और घटना का प्रमुख आरोपी माना जा रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया गया है। टीम में बाढ़-2 के एसडीपीओ आयुष, बाढ़ थानाध्यक्ष, हाथीदह के अंचल पुलिस निरीक्षक सहित कई थानों के अधिकारी और डीआईयू की टीम शामिल है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।

About The Author

Related Posts