चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर किसानों का धरना, यातायात मार्ग में किया परिवर्तन
चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर किसानों का धरना, यातायात मार्ग में किया परिवर्तन
Published On
मोहाली (सच कहूँ/एमके शायना)। चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना शुरु कर दिया है। मोहाली की तरफ गोल्फ क्लब के पास किसानों ने आईआईएसईआर-जगतपुरा सड़क पर पंडाल लगाकर धरना शुरु किया है। किसानों के मुताबिक, यह धरना मंगलवार से लेकर सात सितंबर तक चलेगा। धरने में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचे हैं। करीब 1,000 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पहुंचने से बॉर्डर और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है।
स्थिति को देखते हुए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस ने यातायात परामर्श जारी किया है। बॉर्डर पर पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग की गई है। चंडीगढ़ पुलिस ने एक तरफ बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। इसके कारण दोनों तरफ का ट्रैफिक सड़क की एक ही साइड से संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। बता दें कि किसानों की प्रमुख मांगों में पंजाब को पानी की रॉयल्टी देना, अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते को रद्द करना तथा किसानों के कर्ज माफ करना शामिल है। किसानों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों ने पक्के मोर्चे पर अपने साथ राशन, गैस चूल्हे और खाना बनाने के बर्तन लेकर पहुंचे हैं, ताकि धरनास्थल पर ही भोजन की व्यवस्था की जा सके। किसान संगठनों ने सेक्टर-48 में सात दिन के धरने को देखते हुए खाने-पीने के सामान, पानी, दवाइयों और रहने की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जरुरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी रखने को कहा है, ताकि धरने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।