स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीएम
तोशाम में स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर सख्ती, SDM ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं; नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
तोशाम (सच कहूँ/विरेंद्र)। Tosham News: तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार ने निजी स्कूल संचालकों को स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों को अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मंगलवार को निजी स्कूल बसों के सुरक्षित एवं बेहतर संचालन को लेकर अधिकारियों और स्कूल संचालकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल बस में स्पीड गवर्नर, पीला पेंट, संचालक का नाम, वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, चालक का वैध लाइसेंस, पुलिस सत्यापन, आधार एवं मोबाइल नंबर सहित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने चाहिए। उन्होंने बसों में आपातकालीन गेट, जीपीएस ट्रैकर, सीट बेल्ट, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड किट तथा चालक-हेल्पर की नेम प्लेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बसों की नियमित जांच और मरम्मत करवाना भी स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है। एसडीएम ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को स्कूल भेजने के लिए केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्कूल वाहनों का ही इस्तेमाल करें।