जाखल में बेकाबू ट्रक मुथूट गोल्ड लोन बैंक की दीवार तोड़कर अंदर घुसा
बैंक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त; पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया
जाखल/फतेहाबाद सच कहूँ/तरसेम सिंह। Jakhal News: जाखल में सोमवार सुबह चंडीगढ़ रोड पर एक बेकाबू ट्रक मुथूट गोल्ड लोन बैंक की शाखा की दीवार और ग्रिल तोड़कर इमारत के अंदर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैंक के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसा सुबह के समय हुआ, इसी बैंक के साथ आइसीआइसीआइ बैंक भी है। बैंक की शाखा आम जनता और कर्मचारियों के लिए नहीं खुली थी। इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यदि घटना बैंक के कामकाजी समय में होती, तो ग्राहकों और कर्मचारियों की जान को खतरा हो सकता था। सूचना मिलते ही जाखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरूआती जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक का संतुलन बिगड़ने के पीछे तकनीकी खराबी, चालक को नींद की झपकी आना या तेज रफ्तार जैसे कारण तो नहीं थे।