पुलिस ने निकाली दादाओं की हेकड़ी, अवैध तमंचों से फायर झोंकने के आरोपी दो सगे भाई धरे

गांव पावटीकलां में नाई की दुकान पर बाल कटवाने के दौरान बनियान फेंकने को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद व हाथापाई, आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मस्कट व तमंचा तथा जिंदा कारतूस बरामद

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana Crime News:  गांव पावटी कलां में नाई की दुकान पर बाल कटवाने के दौरान बनियान फेंकने की मामूली घटना से पैदा हुए विवाद व हाथापाई ने हिंसक रूप धारण कर लिया। घटना के बाद दो सगे भाइयों पर गांव के ही दो भाइयों के ऊपर अवैध हथियारों से फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी दोनों भाइयों को गिरफ्तार करके घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार बरामद कर लिए है। वारदात कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव पावटीकलां की है।

विगत रविवार को गांव पावटी कलां निवासी अंकित और रवि के बीच नाई की दुकान पर बाल कटवाने के दौरान बनियान फेंकने की बात को लेकर विवाद व हाथापाई हो गई थी। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ देर बाद विवाद व हाथापाई ने गंभीर रूप धारण कर लिया। आरोप है कि विवाद के बाद रवि अपने भाई रजत के साथ अवैध हथियार लेकर अंकित के घर के पास रास्ते में पहुंचा। जहां पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए अंकित और उसके भाई अंकुश को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि, दोनों भाई गोली लगने से बाल-बाल बच गए। गोलियों की आवाज और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े, जिसपर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटना के संबंध में अंकित की तहरीर पर कैराना कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सोमवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दोनों आरोपियों को जन्धेड़ी से बीबीपुर जाने वाले मार्ग पर तिराहे के पास स्थित ट्यूबवेल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 12 बोर की एक मस्कट, एक जिंदा और खोखा कारतूस तथा 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा और खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Related Posts