कांगथली व पूंडरी में पुलिस की रेड, 70 पेटियों से 766 किलो 825 ग्राम अवैध पटाखे बरामद
सितंबर व अक्तूबर माह दौरान 10 मामलों में 21 आरोपी काबू, 3032 किलोग्राम अवैध पटाखे सामग्री व 588 पेटियां बरामद
कैथल, सच कहूँ/कुलदीप नैन। Kaithal News: एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ तथा स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीमों ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखे बरामद किए हैं। जिसमें स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल की टीम ने पूंडरी की कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान से पटाखों की 60 गत्ता पेटियां बरामद की, जिनका वजन 458 किलो 725 ग्राम पाया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने कांगथली बस अड्डे पर स्थित किरयाना स्टोर से 10 गत्ता पेटियां व एक प्लास्टिक कट्टा बरामद किया, जिनका कुल वजन 308 किलो 100 ग्राम पाया गया। दोनों मामलों में कुल 70 गत्ता पेटियां व एक प्लास्टिक कट्टा बरामद हुआ, जिनका कुल वजन 766 किलो 825 ग्राम है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट टीम को सूचना मिली कि इंद्रा कॉलोनी पूंडरी निवासी कमल अपने किराए के मकान में बिना लाइसेंस व परमिट के बिक्री के लिए अवैध पटाखे रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने रेडिंग पार्टी तैयार कर मकान पर दबिश दी गई, जहां गत्ता पेटियां रखी मिलीं। जिस बारे आरोपी कोई लाइसेंस व परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस टीम ने उपकेंद्र पूंडरी के एलएफएम कश्मीर सिंह तथा एलएफएम दर्शन सिंह को मौके पर बुलाया। उनके द्वारा पेटियों की जांच करने पर 60 गत्ता पेटियां मिलीं जिनमें चट्टर-पट्टर पाए गए। प्रत्एक पेटी में 40 डिब्बे तथा प्रत्एक डिब्बे में 10 की पैकिंग मिली। सभी 60 पेटियों का वजन 458 किलो 725 ग्राम पाया गया।
दूसरे मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ कैथल टीम को सूचना मिली कि रजनी कॉलोनी कैथल निवासी राजेन्द्र कुमार जो सीवन क्षेत्र के कांगथली बस अड्डे पर सुमित किरयाना स्टोर के नाम से दुकान चलाता है, अपनी दुकान में पटाखे बेचने का काम करता है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दमकल केंद्र चीका के कार्यालय प्रभारी सतपाल कुमार को मौके पर बुलाया और उन्हें साथ लेकर दुकान के ऊपर बने कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गत्ता पेटियों में अनार बम, स्काई शॉट तथा गंगा-जमुना पटाखे मिले। पुलिस ने कुल 10 गत्ता पेटियां व एक प्लास्टिक कट्टा बरामद किया। आरोपी राजेन्द्र कुमार से पटाखे रखने व बेचने संबंधी लाइसेंस व परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। सभी पेटियों व कट्टे का वजन 308 किलो 100 ग्राम मिला। पुलिस द्वारा दोनों मामलों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त सितंबर व अक्तूबर माह दौरान 10 मामलों में 21 आरोपी काबू, 3032 किलोग्राम अवैध पटाखे सामग्री व 588 पेटियां बरामद की गई। डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि बिना लाइसेंस व परमिट के पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि अवैध रुप से पटाखे न खरीदें और न ही बेचें, क्योंकि इनका अनुचित भंडारण आगजनी व जान-माल के नुकसान का कारण बन सकता है।
.jpg)