स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव कल, 877 मतदाता करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल

एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने ब्लॉक प्रांगण में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी पद के निर्वाचन हेतु कैराना ब्लॉक प्रांगण में मतदान केंद्र बनाया गया है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। ब्लॉक प्रांगण में तीन मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जहां पर कुल 877 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां भी मतदान केंद्र पर पहुंच गई हैं। वहीं, एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने मतदान स्थल का निरीक्षण करके बैरिकेडिंग, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा-व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए है। कल शुक्रवार को होने वाले मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए कैराना विकास खंड कार्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां पर तीन मतदेय स्थल बनाए गए हैं। ब्लॉक प्रांगण में स्थित रूम नंबर-01 में 395, रूम नंबर-02 में 385 तथा रूम नंबर-03 में 97 मतदाता अपना वोट डालेंगे। इस प्रकार तीनों बूथों पर कुल 877 मतदाता अपने प्रत्याशी के लिए वोटिंग करेंगे।

गुरुवार को एसडीएम कैराना शिवाजी यादव विकास खंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने मतदान की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मतदान स्थल पर कराई गई बैरिकेडिंग, पेयजल की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया गया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। मतदान केंद्र पर सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है। पोलिंग पार्टियां मतदान स्थल पर पहुंच चुकी हैं तथा मतदान संबंधी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस दौरान नायब तहसीलदार आकाश चौधरी एवं बीडीओ कैराना रोहित शर्मा भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से गुरुवार सायं तक सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थी। शुक्रवार यानी 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जाएगी।

About The Author

Related Posts