रामकौशल होंगे शामली के नए जिला जज, इंद्रप्रीत सिंह जोश बागपत स्थानांतरित
बार भवन में समारोह आयोजित करके जनपद न्यायाधीश को दी गई भावभीनी विदाई, न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने मुक्त कंठ से की जिला जज की कार्यशैली की प्रशंसा
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: जनपद शामली के जिला एवं सत्र न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश का बागपत स्थानांतरण होने पर बार एसोसिएशन कैराना की ओर से समारोह आयोजित करके उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने जनपद न्यायाधीश के कार्यकाल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। वहीं, रामकौशल को जनपद शामली का नया जिला जज बनाया गया है।
गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर में स्थित बार भवन में जिला एवं सत्र न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश का विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन कैराना के अध्यक्ष ईशपाल सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महासचिव अधिवक्ता सरवेज जंग द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ब्रिजेश कुमार शर्मा, अपर जिला जज प्रथम नवीन कुमार, एडीजे रेप एवं पॉक्सो अशोक भारतेंदु, एडीजे एफटीसी ऋतु नागर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अक्षयदीप यादव, सिविल जज सीनियर डिवीजन आंचल कसाना तथा सिविल जज जूनियर डिवीजन जीनत परवीन समेत अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा, जिला शासकीय अधिवक्ता संजय चौहान, बार एसोसिएशन कैराना के कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार शर्मा तथा शैलेन्द्र चौधरी, नसीम अहमद, सालिम अली, नीरज चौहान, इंतजार अहमद, ब्रह्मपाल सिंह चौहान, खड़क सिंह चौहान, जावेद अली, मुनेंद्र सिंह, मनीष कौशिक आदि अधिवक्तागण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश का स्थानांतरण जनपद बागपत में हुआ है, जबकि उनके स्थान पर रामकौशल को जनपद शामली का नया जिला जज बनाया गया है। जनपद न्यायाधीश के विदाई समारोह में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने उनके कार्यकाल को बेहतर बताते हुए प्रशंसा की।