Devendra Sheoran News: हरियाणा के लाल देवेंद्र श्योराण ने नागोया में रचा इतिहास

पैरा एशियन डिस्कस थ्रो में जीता गोल्ड

Published On

Devendra Sheoran Discus Throw: भिवानी/चरखी दादरी, (सच कहूँ न्यूज)। जापान के आईची-नागोया में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में हरियाणा के लाल और चरखी दादरी  के गांव किष्किंधा निवासी देवेंद्र श्योराण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। देवेंद्र ने 49.71 मीटर दूर चक्का फेंककर यह स्वर्णिम सफलता हासिल की। उनकी जीत की खबर मिलते ही पैतृक गांव किष्किंधा में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।

देवेंद्र की उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई दी है। परिवार का कहना है कि यह जीत वर्षों के संघर्ष और मेहनत का परिणाम है। देवेंद्र के भाई विपुल कुमार ने बताया कि वर्ष 2015 में हुए सड़क हादसे में उनके भाई के बाएं पैर के कूल्हे और जांघ में गंभीर चोटें आई थीं। करीब एक साल तक इलाज और रिकवरी चली। इसके बाद उन्होंने सिटिंग वॉलीबॉल से खेलों में वापसी की और बाद में डिस्कस थ्रो को अपना लिया। लगातार मेहनत के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक हासिल किए।

वर्तमान में देवेंद्र मुंबई में आयकर विभाग में टैक्स असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने अभ्यास जारी रखा और ड्यूटी के बाद घंटों मैदान में पसीना बहाया। पिता धर्मेंद्र श्योराण ने बताया कि हादसे के बाद देवेंद्र करीब तीन साल तक खाट पर रहा, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कहा कि अब परिवार का सपना है कि देवेंद्र आने वाले पैरालंपिक खेलों में भी भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते। मां सविता देवी ने कहा कि बेटे ने हादसे के बाद दिन-रात मेहनत की और आज उसकी मेहनत का फल देश के लिए स्वर्ण पदक के रूप में मिला है। देवेंद्र की यह जीत पूरे गांव के लिए गर्व का पल है और उनकी कहानी संघर्ष, हौसले और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल बन गई है।

About The Author

Related Posts