Bijli Karamchari Strike: नजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल शुरू, ग्रामीण क्षेत्रों में हाहाकार

जिले में कई घंटे बिजली गुल रहने से लोग हुआ परेशान, जनजीवन प्रभावित

Published On

रोहतक, सच कहूँ न्यूज। Bijli Karamchari Strike: हरियाणा में बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने वीरवार से तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर शुरू हुई इस हड़ताल का असर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। ग्रामीण इलाकों में सुबह से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जबकि शहर के कई क्षेत्रों में भी कई घंटे बिजली गुल रही। बिजली न होने से लोगों के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हुए और उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त प्रबंध किए हैं।

पावर हाउसों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और व्यवस्था संभालने के लिए अस्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। प्रशासन की ओर से आपातकालीन सेवाएं बहाल रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि हड़ताल पर गए बिजली कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि वे केवल आपातकालीन सेवाओं में सहयोग करेंगे। सामान्य परिस्थितियों में बिजली की लाइनों में फाल्ट आने पर उसे ठीक नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। संयुक्त संघर्ष मोर्चा के सर्कल सेक्रेटरी सुनील ने सरकार पर बिजली विभाग के निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। 

About The Author

Related Posts