Train Accident: रेलगाड़ी की चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत
कार की टक्कर से शादी का कार्ड बांटने जा रहे दम्पत्ति घायल
गोरीवाला(सच कहूँ/अनिल)। गांव पथराला के पास रेलगाड़ी की चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मंडी डबवाली एंबुलेंस सेवा ट्रस्ट की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव पथराला निवासी नगेंद्र सिंह के रूप में हुई है। मंडी डबवाली एंबुलेंस सेवा ट्रस्ट के संचालक कुलवंत सिंह ने बताया कि नगेंद्र सिंह को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था। जानकारी के अनुसार, रेलगाड़ी डबवाली से बठिंडा की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव पथराला के समीप यह घटना हुई।
बेटे की शादी के निमंत्रण बांटने जा रहा दम्पत्ती घायल
गोरीवाला(सच कहूँ/अनिल)। बेटे की शादी के निमंत्रण बांटने के लिए मोटरसाइकिल पर निकले दम्पत्ती की यात्रा हादसे में बदल गई। तेजाखेड़ा से करीब दो किलोमीटर आगे कार की टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में महिला के हाथ और छाती पर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वह अध्यापक पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके बेटे अनुज कुमार की शादी 19 अक्तूबर को होनी है। इसी सिलसिले में 13 अक्तूबर को वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर गांव गंगा की ओर जा रहे थे। शिकायत के अनुसार सुबह करीब 9:40 बजे तेजाखेड़ा से लगभग दो किलोमीटर आगे सामने से आ रही कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
कार ईश्वर पुत्र भूप सिंह निवासी वार्ड नंबर-26, संगरिया चला रहा था। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। सुरेश कुमार के अनुसार, उनकी पत्नी के हाथ और छाती पर चोटें आईं, जबकि उन्हें स्वयं चोट नहीं लगी। हादसे के बाद कार चालक घायलों को डबवाली के सरकारी अस्पताल ले गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रेफर कर दिया गया। सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि कार चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सदर डबवाली में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।