मोबाइल हैक करके ठगे गए 35 हजार रुपये वापिस कराए
मोबाइल हैक कर 35 हजार की ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ पीड़ित, शामली साइबर सेल ने वापस दिलाई पूरी रकम
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कोतवाली में कार्यरत साइबर सेल की टीम ने ग्रामीण का मोबाइल फोन हैक करके ऑनलाइन ठगी करके निकाली गई 35 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई है।
क्षेत्र के गांव झाड़खेड़ी निवासी अंकित कुमार ने कैराना स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल फोन को हैक करके 35 हजार रुपये ऑनलाइन ठग लिए थे। एसपी शामली ने कोतवाली पर कार्यरत साइबर टीम को युवक के खाते से निकाली गई राशि वापिस कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार साइबर सेल की टीम ने मंगलवार को मामले
में तत्परता से कार्यवाही करते हुए सम्बंधित बैंकों से पत्राचार व आवश्यक समन्वय स्थापित करके पीड़ित युवक अंकित कुमार से ठगी गई शत-प्रतिशत राशि 35 हजार रुपये वापिस करा दी। वहीं, पीड़ित युवक ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिल चौधरी, कम्प्यूटर ग्रेड-बी अनिल कुमार, कांस्टेबल मानवेन्द्र प्रताप सिंह तथा समस्त साइबल सेल टीम का आभार व्यक्त किया है।
धोखाधड़ी से बचने को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील
जनपद शामली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर धनराशि स्थानांतरित न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, मोबाइल कॉल, व्हाट्सएप संदेश अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त निवेश, लॉटरी, केवाईसी अपडेट, पार्ट-टाइम जॉब अथवा अन्य आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही, निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।