हरियाणवी खिलाड़ी एशियाई खेलों में लगाएंगे मेडल की झड़ी - गजेंद्र फौगाट
हरियाणवी खिलाड़ी एशियाई खेलों में लगाएंगे मेडल की झड़ी - गजेंद्र फौगाट
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान नियुक्त किए गए हरियाणा के होनहार खिलाड़ी सुनील मलिक को बधाई देने के लिए मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फौगाट उनके पैतृक गांव भैंसवाल पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ी का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया और उनकी माता जी को शॉल ओढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर गजेंद्र फौगाट ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार ने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार और खेल विभाग में सीधी नौकरी प्रदान करना एक ऐतिहासिक पहल है।
गजेंद्र फौगाट ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने देश को हमेशा बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जापान में होने वाले एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडलों की झड़ी लगाएंगे। उन्होंने सुनील मलिक को आगामी एशियाई खेलों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सुनील अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को शानदार सफलता दिलाएंगे और हरियाणा का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे। इस अवसर पर सुनील की माता गुड्डी देवी,भाई बिजेंद्र-सुमित,गुरु भूपेंद्र मलिक,सरपंच सन्दीप मलिक,कब्बडी के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक सुशील शास्त्री,संजय मलिक,दिनेश शर्मा किलोई समेत अनेकों गणमान्य उपस्थित थे ।