वन्य प्राणी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अलसुबह 2 बजे 8 क्विंटल खैर की लकड़ी के साथ गाड़ी जब्त, तस्करों की तलाश जारी

वन्य प्राणी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अलसुबह 2 बजे 8 क्विंटल खैर की लकड़ी के साथ गाड़ी जब्त, तस्करों की तलाश जारी

Published On

प्रताप नगर,  सच कहूं राजेंद्र कुमार । वन्य प्राणी विभाग की टीम ने अवैध रूप से खैर की लकड़ी की तस्करी करने वालों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग की टीम ने बीती रात अलसुबह लगभग 2 बजे गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध खैर की लकड़ी से भरी एक कार नंबर: HR 29 AC 2636 को जब्त किया। मौके से लकड़ी के 40 पीस बरामद किए गए हैं, जिनका कुल वजन करीब 8 क्विंटल है।

कांसली से रात 2 बजे निकली थी गाड़ी, खिल्लांवाला में पकड़ी

जानकारी के अनुसार यह गाड़ी बीती रात अलसुबह 2 बजे कांसली गांव स्थित ईसबदीन पुत्र नूरसेन के घर से रवाना हुई थी। गुप्त सूचना मिलते ही वन्य प्राणी विभाग की टीम सतर्क हो गई और गाड़ी का पीछा कर उसे गांव खिल्लांवाला के पास धर दबोचा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस तस्करी में जाट्टांवाला निवासी तालिब, फुरकान, कुर्बान और मोमिन, मोदी व अन्य शामिल थे, जो मौके से फरार होने में कामयाब रहे। अवैध तस्करी पर नकेल कसने के लिए की गई इस कार्रवाई में वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर राजबीर, दरोगा अनुज रावल, छबील दास, सुमित और प्रदीप शामिल रहे। अधिकारियों के अनुसार, तस्कर अलसुबह के अंधेरे का फायदा उठाकर लकड़ी को दूसरे स्थान पर सप्लाई करने की फिराक में थे। वन्य प्राणी विभाग ने जब्त की गई कार और खैर की लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव एवं वन संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विभाग की टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

About The Author

Related Posts