संगरिया नगर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र लोहरा ने दिया इस्तीफा
वार्ड 9 से पार्षद टिकट नहीं मिलने से नाराजगी, बोले- संगठन में कार्यकर्ता की नहीं रही कोई वैल्यू
हनुमानगढ़/संगरिया। नगर मंडल कांग्रेस कमेटी संगरिया के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता जितेंद्र लोहरा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र भेजकर तत्काल प्रभाव से इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया है। लोहरा ने नगरपालिका चुनाव में वार्ड नंबर 9 से पार्षद का टिकट नहीं मिलने और पार्टी की टिकट वितरण प्रक्रिया पर नाराजगी जताई है। Hanumangarh News
लोहरा ने अपने इस्तीफे में बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से उन्हें 16 फरवरी 2023 को संगरिया विधानसभा क्षेत्र में मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस के सक्रिय एवं मेहनती कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए काम करते रहे हैं। उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक पदों पर रहते हुए पार्टी के लिए धरातल पर कार्य करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का दावा किया।
उन्होंने बताया कि नगरपालिका चुनाव 2026 में उन्होंने पीसीसी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार वार्ड नंबर 9 से पार्षद टिकट के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। साथ ही स्थानीय विधायक कार्यालय में भी आवेदन प्रस्तुत किया था। लोहरा के अनुसार उन्होंने संगठन में जिला सचिव, जिला चीफ एनरोलर हनुमानगढ़, कांग्रेस सोशल मीडिया सदस्यता अभियान, जिला शांति एवं अहिंसा विभाग तथा गांधी दर्शन हनुमानगढ़ सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। Hanumangarh News
इस्तीफे में लोहरा ने आरोप लगाया कि पीसीसी के निर्देशानुसार जिस वार्ड का व्यक्ति निवासी है, उसी वार्ड के मतदाता को टिकट दिए जाने का नियम बताया गया था, लेकिन वार्ड नंबर 9 में टिकट वितरण में इस नियम का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत की, लेकिन अब टिकट वितरण के दौरान कार्यकर्ताओं की भावनाओं की अनदेखी की गई। लोहरा ने यह भी कहा कि उन्होंने पिछले नगरपालिका चुनाव में भी पार्षद टिकट के लिए आवेदन किया था, लेकिन उस समय भी उन्हें टिकट नहीं दिया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन अब व्यक्तिवाद की ओर बढ़ रहा है और कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं महत्व कम हो गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ की हड्डी बताया जाता है और उनसे पूरी मेहनत करवाई जाती है, लेकिन टिकट वितरण के समय उनकी भावनाओं और अधिकारों का ध्यान नहीं रखा जाता। लोहरा ने पत्र के अंत में संगठन द्वारा अपनाए गए रवैये को अनुचित बताते हुए नगर मंडल अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने की घोषणा की और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से उनका इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया। Hanumangarh News