26 दिन से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में नगर निगम पहुंची कांग्रेस
26 दिन से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में नगर निगम पहुंची कांग्रेस
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: नगर निगम में पिछले 26 दिनों से मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को कांग्रेस का खुला समर्थन दिया गया। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष कमल दिवान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर धरनारत कर्मचारियों के साथ एकजुटता दिखाई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन और सरकार के अड़ियल रवैये के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कर्मचारियों के हकों की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ने का संकल्प दोहराया। शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं, जो शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं।
बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भीषण गर्मी और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद ये कर्मचारी पिछले 26 दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठे हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की वाजिब मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने के बजाय उनके साथ उपेक्षा और दमन की नीति अपनाई जा रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। कमल दिवान ने मौजूद सफाई कर्मचारी नेताओं को आश्वस्त किया कि यह केवल कर्मचारियों का संघर्ष नहीं है, बल्कि कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़ा है। जब तक उनकी सभी जायज मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक यह लड़ाई अनवरत जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों पर डाका डालने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके ग्रामीण जिलाअध्यक्ष संजीव दहिया,पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, उपाध्यक्ष सतपाल कौशिक, उपाध्यक्ष हरेंद्र सैनी, उपाध्यक्ष अमनदीप पाराशर, जय भगवान आंतिल, सतपाल चौहान पार्षद राजेश मलिक,महासचिव देवेंद्र शर्मा, महासचिव दयानंद वाल्मीकि, मास्टर जय भगवान चोलका, महासचिव आशा अहलावत, सचिव पायल मलिक, सचिव अनुज जैन, सचिव हरिओम सरोहा, सचिव जयवीर राठी, सचिव अंकित मेहता, दीपक चावला, आशु गलगट, देवेंद्र महला, पवन मेहरा, पुनीत राणा, सिकंदर दहिया अमित निगम,कृष्णा बुमराह इसाक मदार व अन्य मौजूद रहे।