तार चोरी के शक में तीन युवकों की पिटाई, एक की मौत

दौलतपुरा-मल्लड़खेड़ा रोही में देर रात हुआ विवाद, दो घायल - मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य

Published On

हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र के दौलतपुरा-मल्लड़खेड़ा की रोही में सोमवार देर रात तार चोरी के शक में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद हुई मारपीट में अधिक चोटें लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान नगराना निवासी महेन्द्र कुमार पुत्र परसाराम वाल्मीकि के रूप में हुई है। Hanumangarh News

घायलों को टिब्बी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। शव को टिब्बी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब 12 बजे के बाद दौलतपुरा-मल्लड़खेड़ा रोही क्षेत्र में ट्यूबवेलों से तार चोरी करने के संदेह में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर विवाद बढ़ गया और युवकों के साथ मारपीट की गई। घटना में महेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि सुखचैन पुत्र विक्रम सिंह और दीपक पुत्र परसाराम वाल्मीकि निवासी नगराना घायल हो गए। मृतक महेन्द्र कुमार और अस्पताल में भर्ती दीपक सगे भाई बताए जा रहे हैं।

घटना से जुड़ा एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। वीडियो में कुछ लोग तीन युवकों को घेरकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों के हाथों में डंडे भी नजर आ रहे हैं। वीडियो की सत्यता और इसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान तीनों युवकों ने पीरकामड़िया क्षेत्र की तरफ से दो मोटरों से तार काटने की बात स्वीकार की। वीडियो में एक युवक वर्ष 2018 से तार काटने की वारदातें करने की बात कहता हुआ भी दिखाई दे रहा है। Hanumangarh News

पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर टिब्बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी 112 पर कॉल के माध्यम से मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय लोगों की ओर से युवकों पर लंबे समय से ट्यूबवेलों से तार चोरी करने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवकों को किस परिस्थिति में पकड़ा गया, उनके साथ कितनी देर और किस तरह मारपीट हुई तथा महेन्द्र कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts