Hanumangarh Road Accident: मंदिर जा रहीं तीन बुजुर्ग महिलाओं को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत

तेज रफ्तार अज्ञात कार की चपेट में आने से हादसा, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Published On

हनुमानगढ़। धोलीपाल गांव में बाबा हरिराम जी मंदिर में धोक लगाने जा रहीं तीन बुजुर्ग महिलाओं को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों महिलाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय चिकित्सालय रेफर किया गया। इस संबंध में सदर पुलिस थाना में कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। रामप्रताप (45) पुत्र गोपालराम जाट निवासी वार्ड नंबर 10, धोलीपाल ने सदर पुलिस थाना में दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी माता रामेश्वरी (80) पत्नी गोपालराम, पड़ोसन माम कौर (75) पत्नी मोमनराम तथा सावित्री पत्नी बुधराम, सभी निवासी धोलीपाल, बाबा हरिराम जी मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों महिलाएं मंदिर के गेट के सामने सड़क पार कर गेट और सड़क के बीच पहुंची थीं।

इसी दौरान हनुमानगढ़ की ओर से तेज गति से आ रही एक अज्ञात कार के चालक ने लापरवाही एवं तेज गति से वाहन चलाते हुए तीनों महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों महिलाएं मौके पर गिर गईं। घटना की जानकारी मिलने पर परिचित जसवंत सिंह निवासी धोलीपाल ने परिजनों को फोन किया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिलाओं को तत्काल राजकीय चिकित्सालय धोलीपाल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन रेफर कर दिया गया।

उपचार के दौरान माम कौर की मौत हो गई। परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई लिखित रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका माम कौर का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है। कार चालक की पहचान और वाहन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts