Rajasthan Weather News: राजस्थान में रूठा मानसून, पारा फिर हाई; इस दिन से हो सकती है बारिश

सितंबर की शुरुआत में बदल सकता है मौसम का मिजाज

Published On

जयपुर (हि.स.)। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं। रविवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप देखने को मिली। बारिश नहीं होने के कारण कई क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बना रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पिलानी, चूरू, फलोदी, बीकानेर और जैसलमेर में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर हवा चलने से गर्मी की तीव्रता थोड़ी कम हुई और लोगों को उमस से आंशिक राहत मिली। Rajasthan Weather News

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 सितंबर तक राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। धूप के कारण कुछ इलाकों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी हो सकती है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय क्षेत्र के पास एक नया निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटे में और संगठित हो सकता है। इसके प्रभाव से मानसून की गतिविधियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

इस मौसम प्रणाली का असर सितंबर की शुरुआत के बाद राजस्थान में भी देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि 2 सितंबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हालांकि बारिश की तीव्रता और स्थान सिस्टम की आगामी स्थिति पर निर्भर करेंगे। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुष्क परिस्थितियां बनी रहने की संभावना है। ऐसे में राजस्थान के लोगों को बारिश के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम प्रदेश में मानसून की वापसी के लिए उम्मीद जरूर जगा रहा है। Rajasthan Weather News

About The Author

Related Posts