विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने घरौंडा अनाज मंडी में किसानों व आढ़तियों से की चर्चा. 

विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने घरौंडा अनाज मंडी में किसानों व आढ़तियों से की चर्चा. 

Published On

घरौंडा । हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने घरौंडा अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। दो किसानों की शिकायत पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दी। माता रानी से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। कल्याण हिमाचल प्रदेश के त्रिलोकपुर स्थित मां बाला सुंदरी मंदिर में मां भगवती के दर्शन कर शाम को सीधे घरौंडा अनाज मंडी पहुंचे। एक सप्ताह के भीतर उनका इस मंडी में यह दूसरा दौरा था। उन्होंने धान की खरीद और उठान के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। इसी दौरान रसीन गांव के प्रेम सिंह ने स्पीकर को बताया कि दस-बारह दिन से उनका धान मंडी में पड़ा है। उन्होंने ठेके पर जमीन लेकर फसल उगाई थी लेकिन किसी व्यक्ति द्वारा की गई झूठी शिकायत के कारण खरीद नहीं की जा रही है। इसी प्रकार डबरकी पार गांव के रमेश ने कहा कि उन्होंने 6 एकड़ जमीन में धान की फसल उगाई थी। लेकिन पोर्टल पर केवल एक एकड़ की पुष्टि की गई है, बाकी पांच एकड़ को दिखाया ही नहीं। श्री कल्याण ने दोनों मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश एसडीएम अनुभव मेहता को दिए।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में श्री कल्याण ने कहा कि इस बार मंडी में थोड़ी दिक्कत रही है। किसानों पर मौसम की भी मार पड़ी है। एफसीआई की ओर कुछ बदलाव के कारण दिक्कतें आई हैं पर मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप करके उनका हल भी निकाला है। उठान संबंधी दिक्कत को जल्द दूर कर दिया जाएगा। अभी 20-25 प्रतिशत फसल मंडी में आनी बाकी है। सरकार ने मिलर्स को भी कुछ और राहत दी है। उम्मीद है कि मिलर्स यहां जल्द खरीद शुरू कर देंगे।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का पूरा प्रयास है कि पैदावार कि बिक्री ठीक प्रकार से हो। व्यापारियों से मजदूरों को भी किसी प्रकार की दिक्कत न आए। एक प्रश्न पर कहा कि ग्लोबल वार्मिग के कारण बेमौसमी बारिश हो रही है। केंद्र सरकार पर्यावरण संबंधी विषयों पर निगरानी करता है। किसानों व नागरिकों में भी पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ‍़ी है। पांच साल पहले तक फसल अवशेष जलाने का आम रिवाज था लेकिन अब सरकार के प्रयासों और किसानों की जागरूकता के कारण ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगी है। इस बार फसल अवशेष जलाने की घटनाएं ना के बराबर हैं। भविष्य में हर नागरिक का प्रयास अधिकाधिक पौधारोपण का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरेक को यातायात संबंधी नियमों का भी पालन करना चाहिए।  इस मौके पर एसडीएम अनुभव मेहता, मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, नरेंद्र लाठर, संजय खैची, निशांत राणा, सुरेन्द्र सैनी,मंडी प्रधान जयभगवान, मिलर वरुण गुप्ता, रामेश्वर दास , पालिका चेयरमैन हैप्पीलक गुप्ता, डीएफएससी जतिन मित्तल, डीएम हैफेड सुरेश कुमार, आदि मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts