NZ vs IND T20: टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के नाम जुड़ी ये बड़ी उपलब्धि

पूरा किया 'तिहरा शतक', न्यूजीलैंड को फिर मात

Published On

क्राइस्टचर्च, (सच कहूँ/एजेंसी)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला हेगले ओवल के मैदान पर टीम इंडिया ने जीत लिया है। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही खास उपलब्धि भी हासिल कर ली है। हेगले ओवल के मैदान पर भारतीय टीम अपना 300वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतरी। टीम इंडिया इस मुकाम तक पहुंचने वाली दुनिया की महज दूसरी टीम है। इस लिस्ट में भारत से आगे अब सिर्फ पाकिस्तान है, जिन्होंने 304 मैच खेले हैं। वहीं, न्यूजीलैंड अपना 269वां टी20 मैच खेलने मैदान पर उतरी और वह इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर है। वेस्टइंडीज 260 टी20 मुकाबलों के साथ चौथे नंबर पर काबिज है।

दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव के साथ उत्तरी। चोटिल ईशान किशन इस मुकाबले में नहीं खेले और उनकी जगह पर वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह दी गई। वहीं, एडम मिल्ने के स्थान पर न्यूजीलैंड ने जैकब डफी को टीम में शामिल किया था।

भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 4 विकेट से हराया। हेगले ओवल के मैदान पर न्यूजीलैंड से मिले 181 रनों के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 19.5 ओवर में हासिल किया। दूसरा टी20 जीतने के साथ ही टीम इंडिया पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है। 

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 4.4 ओवर में 40 रन जोड़े। संजू सैमसन संघर्ष करते नजर आए और वह 17 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक 21 गेंदों में 27 रन बनाने के बाद मिचेल सैंटनर का शिकार बने। ईशान किशन की जगह पर प्लेइंग इलेवन में शामिल  किए गए वैभव सूर्यवंशी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 8 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि, अंत के ओवरों में नीतीश कुमार रेड्डी और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और सातवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 69 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए भारतीय टीम को जीत दिलाई। तिलक ने 26 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 51 रन बनाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी 13 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल सैंटनर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

About The Author

Related Posts