नाकाबंदी के दौरान 38.52 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार
बाइक जब्त, अमृतसर से मादक पदार्थ मंगवाने की बात पूछताछ में आई सामने
हनुमानगढ़। नोहर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार तीन युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से 38.52 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार नोहर पुलिस थाना के कार्यवाहक प्रभारी उपनिरीक्षक पृथ्वी सिंह नरुका टीम के साथ सरकारी बोलेरो से कस्बे एवं थाना क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित कस्बे में गश्त करने के बाद अपराह्न करीब 3.40 बजे नोहर-अरड़की मार्ग पर बंद गुड़ मंडी के पास नाकाबंदी शुरू की।
इसी दौरान नोहर की तरफ से एक बाइक नंबर आरजे 49 एसएच 2988 पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस जीप और पुलिस टीम को देखकर बाइक सवारों ने अचानक बाइक वापस घुमाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ाहट में बाइक बंद हो गई। संदेह होने पर पुलिस ने तीनों को बाइक सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में बाइक सवारों की पहचान दीपक (19) पुत्र सुभाष निवासी वार्ड नंबर 27, नोहर, अशोक (33) पुत्र पूर्णराम निवासी चक सरदारपुरा (मिलों वाला बास), नोहर तथा कृष्ण कुमार (32) पुत्र प्रभूराम निवासी भलाऊ ताल पीएस तारानगर, जिला चूरू हाल तेजनगर, माल मंडी, अमृतसर के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसके वाइजर में एक पारदर्शी पॉलीथीन थैली मिली। थैली में 38.52 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) भरी हुई थी। Hanumangarh News
पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि वह अपने दोस्त अशोक के साथ मिलकर अशोक के रिश्तेदार कृष्ण कुमार के माध्यम से अमृतसर से चिट्टा मंगवाता था। वहीं अशोक ने भी पूछताछ में बताया कि उसने दीपक के साथ मिलकर अपने मौसी के बेटे कृष्ण कुमार से अमृतसर से मादक पदार्थ मंगवाया था। कृष्ण कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह अपने मौसी के बेटे अशोक और उसके दोस्त दीपक के लिए अमृतसर के मेहता रोड, नवां पिंड निवासी रामभाई से हेरोइन खरीदकर लाया था। पुलिस ने हेरोइन बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त किया गया।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण का अनुसंधान खुइयां पुलिस थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार मीणा को सौंपा गया है। पुलिस ने मामले में मादक पदार्थ की सप्लाई और इसके स्रोत को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पृथ्वी सिंह नरुका, एएसआई महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मुकेश कुमार, कुलदीप और ओमप्रकाश शामिल रहे। Hanumangarh News