मेडिकल रिपोर्ट में गड़बड़ी! सरकारी डॉक्टर समेत 10 के खिलाफ एफआईआर
पुराने मारपीट मामले से जुड़ा है विवाद, परिवादी ने मेडिकल रिपोर्ट पर उठाए सवाल
हनुमानगढ़। संगरिया में मेडिकल रिपोर्ट में कथित कूटरचना और मामले की जांच को प्रभावित करने के आरोप में सरकारी चिकित्सक समेत 10 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, संगरिया के समक्ष पेश इस्तगासे के बाद हुई। संगरिया थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
परिवादी कृष्ण कुमार (42) पुत्र भादर सिंह निवासी कदूखेड़ा, पंजाब हाल संगरिया ने इस्तगासे में आरोप लगाया कि राजकीय चिकित्सालय संगरिया के डॉ. प्रिंस भाटिया ने गुरप्रीत सिंह, बोहड़ सिंह, रोबिन, भीमसैन, गुरलाल सिंह, मनप्रीत, लक्की बत्रा, दलवीर सिंह और नाथी सिंधी के साथ मिलीभगत कर गुरमीत सिंह और उसके फर्जी एवं कूटरचित चोट प्रतिवेदन तैयार किए। इस्तगासे के अनुसार 2 मार्च 2026 को परिवादी कृष्ण कुमार पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसके संबंध में संगरिया थाना में एफआईआर दर्ज हुई।
परिवादी का आरोप है कि इस मामले में डॉ. प्रिंस भाटिया ने 24 मार्च को ऐसी मेडिकल रिपोर्ट तैयार की, जो वास्तविक चोटों और चिकित्सकीय तथ्यों के अनुरूप नहीं थी तथा इससे आरोपियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। परिवादी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट को चुनौती दिए जाने के बाद राजस्थान हाईकोर्ट के 13 मई 2026 के आदेश के अनुपालन में 20 मई को मेडिकल बोर्ड गठित किया गया। Hanumangarh News
परिवाद में दावा किया गया है कि मेडिकल बोर्ड के परीक्षण के बाद पूर्व मेडिकल रिपोर्ट के निष्कर्षांे में बदलाव किया गया। इसी तरह एक अन्य एफआईआर का हवाला देते हुए परिवादी ने आरोप लगाया कि इसमें भी डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गंभीर धारा लगाई गई, जबकि बाद में गठित मेडिकल बोर्ड ने चोटों को साधारण प्रकृति की बताया।
परिवादी ने अन्य मामलों में भी ऐसी मेडिकल रिपोर्टांे को बाद में मेडिकल बोर्ड की ओर से बदले जाने का दावा किया है। अदालत से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक हरबंश लाल को सौंपी गई है। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने की परिस्थितियों, संबंधित दस्तावेजों, मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट तथा नामजद लोगों की भूमिका की जांच करेगी। Hanumangarh News