शिक्षा और रोजगार
Sonipat News: सोनीपत में ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या, तेज रफ्तार स्कूटी को रोकने पर हुआ था विवाद
कुंडली में परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम
Sonipat Murder Case: सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में तेज रफ्तार स्कूटी चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुंडली क्षेत्र में एक ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय नरेंद्र खत्री के रूप में हुई है। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने उनके सीने में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल नरेंद्र को उपचार के लिए नरेला स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। Sonipat News
तेज रफ्तार स्कूटी से शुरू हुआ विवाद
परिजनों के अनुसार, रविवार देर रात उमाशंकर कॉलोनी स्थित पानी के प्लांट के पास कुछ युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान एक युवक तेज गति से स्कूटी चलाते हुए वहां पहुंचा। प्लांट की देखरेख करने वाले निखिल ने स्कूटी चालक को धीरे चलने की सलाह दी। आरोप है कि इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया।
विवाद की जानकारी मिलने पर नरेंद्र खत्री मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज की। आरोप के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर नरेंद्र के सीने पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद नरेंद्र जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। Sonipat News
शव रखकर GT रोड जाम
सोमवार सुबह गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुंडली-सिंघु बॉर्डर के पास GT रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। एसीपी ऋषिकांत ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद करीब आधे घंटे में जाम समाप्त कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, नरेंद्र खत्री कुंडली के रहने वाले थे और पिछले करीब दस वर्षों से प्याऊ मनिहारी क्षेत्र में 'मित्रां दा ढाबा' का संचालन कर रहे थे। वह अपने भाई के साथ ढाबा संभालते थे। करीब छह वर्ष पहले नरेंद्र की शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। Sonipat News
आरोपी पर पहले भी आपराधिक मामलों का आरोप
परिजनों ने आरोपी पर पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने और गोली चलाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के साथ ही उसकी संपत्ति पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जाम के दौरान प्रदर्शनकारियों की भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज से भी कहासुनी हुई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने की बात कही जा रही है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Sonipat News