शिक्षा और रोजगार
डर के साए में जीने को मजबूर गरीब परिवार
लगातार बारिश से गरीब परिवार का कच्चा मकान गिरने की कगार पर, परिवार में दहशत
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Miranpur News: थाना क्षेत्र के ग्राम सम्भलहेड़ा में लगातार हो रही बारिश के कारण एक गरीब परिवार का कच्चा मकान गिरने की कगार पर पहुंच गया है। बीती रात मकान की छत की एक कड़ी अचानक टूट गई, जिससे घर में सो रहे परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
ग्राम सम्भलहेड़ा निवासी अनीस पुत्र इद्दू मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। परिवार में उसकी पत्नी, चार बेटियां, दो बेटे तथा बुजुर्ग मां शामिल हैं। आर्थिक तंगी के चलते अनीस आज भी कच्चे मकान में रहने को मजबूर है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हो रही लगातार और तेज बारिश ने मकान की हालत और अधिक जर्जर कर दी है।
मकान की दीवारों में बारिश का पानी भरने से जगह-जगह गहरी दरारें आ गई हैं। मकान में दरारें आने के बाद परिवार बरसात के पानी से बचाव के लिए पॉलिथीन लगाकर किसी तरह मकान को बचाने का प्रयास कर रहा है, ताकि बारिश का पानी अंदर न जा सके और मकान गिरने से बचाया जा सके। हालांकि यह प्रयास भी परिवार की सुरक्षा की गारंटी नहीं है, क्योंकि दीवारों में जगह-जगह दरारें होने के कारण मकान कभी भी धराशायी हो सकता है।
बीती रात छत की एक कड़ी टूटने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है। परिवार के सदस्य हर समय डर के साए में रहने को मजबूर हैं और उन्हें आशंका है कि लगातार बारिश जारी रही तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
अनीस का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी खराब आर्थिक स्थिति और जर्जर मकान के संबंध में ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव को अवगत कराता आ रहा है, लेकिन अभी तक उसे किसी प्रकार की ठोस सहायता या समाधान नहीं मिल सका है।
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द मदद उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है, ताकि समय रहते मकान की स्थिति का निरीक्षण कर परिवार को सुरक्षित स्थान या आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके और किसी बड़ी अनहोनी से बचाया जा सके।
