शिक्षा और रोजगार
शिखर शिक्षा सदन ने शूटिंग में जीता कांस्य पदक, क्षेत्र का बढ़ाया गौरव
शिखर शिक्षा सदन ने शूटिंग में जीता कांस्य पदक, क्षेत्र का बढ़ाया गौरव
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: तहसील जानसठ क्षेत्र के शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर के खिलाड़ियों ने सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-1 की 19वीं शूटिंग चैम्पियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय तहसील जानसठ एवं सम्पूर्ण जानसठ क्षेत्र का शूटिंग प्रतियोगिता में पदक जीतने वाला पहला स्कूल बन गया है।
प्रतियोगिता में 200 से अधिक विद्यालयों के करीब 1200 निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बीच शिखर शिक्षा सदन के खिलाड़ियों ने अंडर-14 राइफल टीम स्पर्धा में उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। पदक विजेता टीम में वीरभद्र बाना, वंशपाल एवं रुद्रवीर बाना शामिल रहे।
शूटिंग प्रशिक्षक तापेन्द्र सिंह ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, एकाग्रता और अनुशासन का परिणाम है। विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया।
निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि शूटिंग जैसे खेल में धैर्य, एकाग्रता और अनुशासन का विशेष महत्व है। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। प्रबन्धिका शिखा शर्मा एवं प्रधानाचार्या शालिनी राय ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रबंधक सिद्धार्थ राजवंशी एडवोकेट ने विजेता खिलाड़ियों वीरभद्र बाना, वंशपाल एवं रुद्रवीर बाना को मेडल एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक तापेन्द्र सिंह को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया, जिससे विद्यालय में हर्ष का माहौल बना रहा।
