Kamla Nagar Kidnapping Case: युवती को लेकर विवाद, युवक का अपहरण कर की पिटाई

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो घंटे में पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

Published On

Kamla Nagar Kidnapping Case: नई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली के उत्तरी जिले के कमला नगर इलाके में एक युवक को कथित तौर पर कार में जबरन बैठाकर अगवा करने और बाद में गुलाबी बाग स्थित पार्क में डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज करीब दो घंटे में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति अर्टिगा कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे एक युवती को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। मामले में घायल युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने की बात भी कही गई है। Delhi News

PCR कॉल के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त की रात कमला नगर में कैवेंट्री शॉप के पास एक युवक को कार में जबरन ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रूप नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि 18 वर्षीय विशेष के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में पांच युवक उसे एक अर्टिगा कार में जबरन बैठाकर ले गए। इसके बाद पुलिस ने आसपास गश्त और पिकेट पर तैनात कर्मचारियों को सतर्क कर दिया। तकनीकी सहायता के माध्यम से युवक की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की गई।

तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस को युवक के गुलाबी बाग इलाके में होने का पता चला। टीम जब संबंधित क्षेत्र में पहुंची तो एक पार्क से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विशेष को पांच युवकों के साथ पाया। इसके बाद शुभम, स्वयं, ध्रुव, तनमय और ऋषि नाम के आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने वहां से वारदात में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार भी जब्त कर ली।

पुलिस के मुताबिक, विशेष ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे अपने बचपन के दोस्त दीपक के साथ एक दुकान के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी कार से वहां पहुंचे और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट करने लगे। आरोप है कि बाद में विशेष को जबरन कार में बैठा लिया गया और रास्ते में भी उसकी पिटाई की गई। इसके बाद उसे गुलाबी बाग के पार्क में ले जाया गया, जहां डंडों से हमला किया गया। मारपीट में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई। Delhi News

लड़की को लेकर विवाद में वारदात का आरोप

पुलिस पूछताछ में शुरुआती तौर पर सामने आया कि घटना के पीछे एक युवती को लेकर विवाद था। आरोपियों का दावा है कि युवती ने उनमें से एक युवक को बताया था कि विशेष उसके बारे में गलत बातें कर रहा है। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर विशेष को ढूंढने और उसे सबक सिखाने की योजना बनाई। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम और आरोपियों के बयानों की विस्तृत जांच कर रही है।

मामले में रूप नगर थाने में एफआईआर संख्या 151/26 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 19 से 23 वर्ष के बीच है। इनमें कुछ निजी कंपनियों में कार्यरत हैं, जबकि एक आरोपी कैब चालक बताया गया है। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Delhi News

About The Author

Related Posts