भाई पर लाठी-गंडासी से हमला, दोनों पैरों की हड्डियां टूटी
अमरपुरा थेड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला
हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के गांव अमरपुरा थेड़ी में एक युवक के साथ लाठी-गंडासी से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की बहन कमला (45) पत्नी लक्ष्मण निवासी वार्ड नंबर 9, अमरपुरा थेड़ी ने टाउन थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसके भाई महावीर (35) पुत्र दीपाराम के साथ कुछ लोगों ने घर के बाहर बैठने के दौरान हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, 27 अगस्त की शाम करीब 7 बजे महावीर अपने घर के आगे बैठा था। इसी दौरान बाज पुत्र सुखाराम, वीरू पुत्र जीत सिंह, कर्मसिंह पुत्र मंगाराम निवासी अमरपुरा थेड़ी तथा 3-4 अन्य व्यक्ति सफेद रंग की बोलेरो में वहां पहुंचे। आरोप है कि आते ही आरोपियों ने महावीर के साथ लाठी और गंडासी से मारपीट शुरू कर दी।
हमले के दौरान महावीर के सिर पर गंडासी से वार किया गया तथा लाठियों से उसके दोनों पैरों पर हमला कर उनकी हड्डियां तोड़ दी गईं। महावीर के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल महावीर को राजकीय जिला चिकित्सालय, हनुमानगढ़ टाउन में भर्ती करवाया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि महावीर के पास अक्सर सुखाराम आकर बैठता था, जिसे लेकर सुखाराम के बेटे नाराज रहते थे और महावीर पर उनके पिता को शराब पिलाने का आरोप लगाते थे।
शिकायतकर्ता ने हमले के पीछे इसी विवाद को कारण बताया है। परिवाद के आधार पर पुलिस ने बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सीओ श्रीमती मीनाक्षी सहारण को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी बाज को विदेश जाने से रोकने की मांग भी की है।