तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, घायल युवक की जयपुर में मौत

धोलीपाल क्षेत्र में हुआ था हादसा, गंभीर हालत में बीकानेर से जयपुर रेफर हुआ था अंजार हुसैन

Published On

Hanumangarh Road Accident: हनुमानगढ़। धोलीपाल क्षेत्र में तेज गति और लापरवाही से चल रही पिकअप की ओर से बाइक को टक्कर मारने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में करीब डेढ़ महीने बाद हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। Hanumangarh News

पुलिस को दी रिपोर्ट में नवाब मोहम्मद पुत्र नत्थू खां निवासी वार्ड नंबर 13, धोलीपाल ने बताया कि 20 जून को अपराह्न करीब 3 बजे उसे फोन पर सूचना मिली कि उसका भतीजा अंजार हुसैन चक 13 एमएमके में गांव की नहर के आगे पिकअप की चपेट में आ गया है। सूचना मिलने पर वह अपने भाइयों के साथ धोलीपाल के सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां अंजार के सिर से खून निकल रहा था और वह हाथ-पैर नहीं हिला पा रहा था।

नवाब मोहम्मद के अनुसार, अस्पताल में मौजूद खलील खान ने उसे बताया कि उसका भाई अचानक बीमार हो गया था। उसे हनुमानगढ़ अस्पताल में रेफर किया गया था। वह और अदरीश मोटर साइकिल से हनुमानगढ़ अस्पताल जा रहे थे। सम्पतनगर के पास उसे याद आया कि उसके घर की चाबी उसके साथ आ गई है। उसकी भतीजी की शादी होने के कारण घर पर चाबी ले जाने के लिए फोन किया। इस पर उसे बताया गया कि अंजार हुसैन चाबी लेने के लिए आ रहा है। Hanumangarh News

इस पर वह व अदरीश चाबी देने के लिए वापस धोलीपाल की तरफ आने लगे। जब वे गुरुद्वारे के पास पहुंचे तो सामने से अंजार हुसैन मोटर साइकिल से सही दिशा में आ रहा था, तभी पीछे से आई पिकअप संख्या पीबी 10 एचपी 9013 तेज गति से लहराते हुए आई। चक 13 एमएमके के रास्ते के पास पिकअप चालक ने मोटर साइकिल को कट मारकर अचानक ब्रेक लगा दिए। पिकअप की पिछली साइड मोटर साइकिल से टकराने पर अंजार सड़क से नीचे गिर गया।

हादसे में अंजार को गंभीर चोटें आईं। उसे धोलीपाल सरकारी अस्पताल से महात्मा गांधी अस्पताल, हनुमानगढ़ टाउन रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से पीबीएम अस्पताल, बीकानेर भेजा गया। डॉक्टरों ने अंजार की गर्दन की रीढ़ की हड्डी में सी4 स्तर की गंभीर चोट होना बताया। इसके बाद अंजार को इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल, सीतापुरा, जयपुर ले जाया गया, जहां 20 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार इलाज और धार्मिक संस्कारों में व्यस्त होने के कारण परिवार तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सका। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दर्ज हुए प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल लायक सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और पिकअप चालक की भूमिका की जांच कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts