AAP Candidates List:आप ने जारी की पहली सूची, 6 वार्डांे में प्रत्याशी घोषित
हनुमानगढ़, गोलूवाला और टिब्बी के वार्ड शामिल, पार्टी पदाधिकारियों को भी मिला मौका
हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी ने प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर हनुमानगढ़ जिले में प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। जिला चुनाव समिति की ओर से प्रस्तावित नामों को प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस, सह प्रभारी घनेन्द्र भारद्वाज और प्रदेश चुनाव समिति अध्यक्ष देवेन्द्र शास्त्री की स्वीकृति मिलने के बाद यह सूची जारी की गई। पहली सूची में हनुमानगढ़ नगर परिषद के चार वार्डांे सहित गोलूवाला और टिब्बी नगर पालिका के एक-एक वार्ड के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। आम की जिला चुनाव समिति के जिला चुनाव प्रभारी राजवीर माली के अनुसार हनुमानगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 24 से सुरेन्द्र पाल बेनीवाल, वार्ड नंबर 27 से सुषमा बेनीवाल, वार्ड नंबर 34 से सुभाष पारीक और वार्ड नंबर 58 से विजय बैंसला को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
जबकि गोलूवाला नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 से गुरविंद्र और टिब्बी नगर पालिका के वार्ड नंबर 15 से बंसीलाल शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार पहली सूची में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को भी चुनाव मैदान में उतरने का अवसर दिया गया है। पार्टी का कहना है कि शेष वार्डांे के प्रत्याशियों को लेकर प्रक्रिया जारी है और दूसरी सूची जल्द जारी किए जाने की संभावना है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी विकास बग्गा की ओर से जारी सूची के बाद जिले में निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही संबंधित वार्डांे में पार्टी की चुनावी तैयारियां भी गति पकड़ने की उम्मीद है।