Nepal Flood alert: तिब्बत में झील फटी, नेपाल पर फिर मंडराया संकट, हाई अलर्ट घोषित

26 अगस्त की तबाही के बाद नेपाल में नदियों के किनारे बढ़ाई गई चौकसी

Published On

Nepal Flood warning: काठमांडू (एजेंसी)। नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद हालात अभी पूरी तरह सामान्य भी नहीं हुए हैं कि देश के सामने एक बार फिर बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। अधिकारियों ने तिब्बत क्षेत्र में एक झील के टूटने की सूचना मिलने के बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों और राहत-बचाव दलों को अत्यधिक सतर्क रहने को कहा है। Nepal Flood alert

नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने शुक्रवार को चेतावनी जारी करते हुए बताया कि रसुवा जिले में भोटेकोसी नदी के ऊपरी हिस्से में पानी के बहाव में दोबारा वृद्धि देखी गई है। जिस क्षेत्र में 26 अगस्त को भीषण बाढ़ आई थी, वहां मलबे और कीचड़ के साथ पानी का दबाव फिर बढ़ने की सूचना है।

अधिकारियों का कहना है कि अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में भोटेकोसी और त्रिशूली नदियों के आसपास राहत कार्य कर रहे कर्मियों के साथ जोखिम वाले इलाकों में मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। नेपाल पुलिस ने भी अलग से अलर्ट जारी किया है। पुलिस के अनुसार, चीन के तिब्बती क्षेत्र में झील टूटने की जानकारी मिली है, जिसके बाद संभावित जलप्रवाह को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा और बचाव कार्य में जुटे कर्मचारियों को भी खतरे को देखते हुए सावधानी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। Nepal Flood alert

26 अगस्त की बाढ़ से अभी भी जूझ रहा है नेपाल

यह नई चेतावनी ऐसे समय आई है, जब नेपाल 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के नुकसान से उबरने का प्रयास कर रहा है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, उस आपदा में अब तक 469 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 977 लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 517 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

नेपाल के ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्रालय से जुड़े जल संसाधन अनुसंधान एवं विकास केंद्र ने पहले ही संकेत दिए थे कि नदी का रास्ता बाधित होने से बनी झील का पानी अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। चीन से प्राप्त जानकारी के आधार पर केंद्र ने कहा था कि ऊपरी भोटेकोसी क्षेत्र में पानी के बहाव में फिर अचानक तेजी आने की आशंका पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जहां नदी का प्रवाह बाधित हुआ था, वहां स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं मानी जा सकती। इस कारण भोटेकोसी, त्रिशूली और नारायणी नदी तंत्र में संभावित खतरे को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। संभावित बाढ़ को ध्यान में रखते हुए नदियों के किनारे तैनात सुरक्षा बलों, राहत एवं बचाव टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने जोखिम वाले क्षेत्रों के लोगों से भी स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की अपील की है। Nepal Flood alert

About The Author

Related Posts