नशे के कारोबार से दहशत में पारीक कॉलोनी!

पथराव-तोड़फोड़ के बाद मोहल्लेवासियों ने थाने में लगाई गुहार

Published On

हनुमानगढ़। टाउन शहर की पारीक कॉलोनी में नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर मोहल्लेवासियों में भय का माहौल होने का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 34 के निवासियों ने शुक्रवार को टाउन थाने में शिकायत देकर नशे की बिक्री पर अंकुश लगाने के साथ-साथ पथराव, तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोपों में जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। Hanumangarh News

शिकायत में मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से नशे की बिक्री बढ़ने के साथ नशे का सेवन करने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ रही है। कुछ असामाजिक तत्व चाकू, छुरे, रॉड एवं देशी कट्टे जैसे हथियार लेकर घूमते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बना हुआ है।

शिकायत के अनुसार 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे मोहल्ले के विष्णु पुत्र हजारीलाल बिश्नोई अपनी पत्नी के साथ नोहरा में पशुओं को पानी पिला रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के मकान में मौजूद गणेश पुत्र कुरड़ाराम, लक्की पुत्र कुरड़ाराम, रोहित एवं कोकी पुत्र ललित कुमार की ओर से अभद्र टिप्पणियां की गईं। विष्णु की ओर से विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद उक्त लोगों ने रूकमा पत्नी कुरड़ाराम, सरोज पत्नी ललित, रोहित पुत्र सुभाष सहित करीब 15-20 अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया और पथराव शुरू कर दिया। मोहल्लेवासियों के बीच-बचाव के प्रयास के बावजूद पथराव जारी रहने पर पुलिस को सूचना दी गई। Hanumangarh News

पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत करवाया। शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि पुलिस के मौके से जाने के कुछ समय बाद साथ वाली गली में सुभाष पुत्र कृष्ण की रिट्ज कार में तोड़फोड़ कर दी गई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें धमकाया गया कि यदि किसी ने आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत करने का प्रयास किया तो उसके साथ भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मोहल्लेवासियों ने टाउन थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने तथा नशे की बिक्री एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसी गंभीर घटना की आशंका बनी रहेगी। इस मौके पर जगदीश, भंवरलाल, रमेश कुमार, विष्णु बिश्नोई, पूर्णमल, कृष्ण कुमार, बलवीर, सुरेश कुमार, राकेश, सुभाष पारीक आदि मौजूद रहे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts