Electricity Problem: तीन दिन से बिजली गुल, दो पोल की तार बदलने पहुंचे डिस्कॉम कर्मचारियों को घेरा

वार्ड 9-10 के लोगों ने पांचों पोल की जर्जर तार बदलने की मांग पर रोका काम

Published On

हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 9 और 10 में बिजली सप्लाई की समस्या से परेशान वाशिंदों का शुक्रवार को आक्रोश फूट पड़ा। पांच पोल की जर्जर तार बदलने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने डिस्कॉम के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया और दो पोल की तार बदलने पहुंचे कर्मचारियों का घेराव कर काम रुकवा दिया।

वार्डवासियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी पांच पोल की खराब तारें नहीं बदली जातीं, तब तक काम नहीं करने दिया जाएगा। वार्डवासियों का कहना था कि पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बदहाल है और पिछले तीन दिन से सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है। पूरी-पूरी रात बिजली गुल रहने के कारण पेयजल सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। जर्जर विद्युत तारों के कारण स्पार्किंग और हादसे का खतरा बना हुआ है।

वार्ड निवासी आकाश नायक ने बताया कि वार्ड नंबर 9 में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। डिस्कॉम अधिकारियों को कई बार इसकी जानकारी दी जा चुकी है। करीब तीन दिन पहले एक विद्युत तार में स्पार्किंग के बाद तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ था। डिस्कॉम कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तार को जोड़ दिया।

गुरुवार को दोबारा समस्या आने पर कर्मचारियों को बुलाया गया और उन्होंने फिर जोड़ लगा दिया। इसके बाद नगर परिषद के पूर्व सभापति सुमित रणवां और पूर्व वार्ड पार्षद मदन बाघला ने गुरुवार रात एक्सईएन से बात की। इस दौरान सभी खराब तारें बदलवाने का आश्वासन दिया गया। वार्डवासियों के अनुसार शुक्रवार सुबह डिस्कॉम कर्मचारी तार बदलने पहुंचे, लेकिन वे पर्याप्त तार लेकर नहीं आए।

कर्मचारियों ने केवल दो पोल की तार बदलने का काम शुरू किया तो लोगों ने इसका विरोध करते हुए काम रुकवा दिया। वार्डवासियों का कहना था कि यदि केवल दो पोल की तार बदली गईं तो बाकी तीन पोल पर जर्जर तारें बनी रहेंगी और कम वोल्टेज की समस्या तथा विद्युत उपकरण जलने का खतरा बरकरार रहेगा। उन्होंने सभी पांच पोल की तार एक साथ बदलने की मांग की।

मांग नहीं मानी तो चक्का जाम की चेतावनी

वार्डवासियों ने कहा कि बिजली के साथ-साथ पेयजल और सफाई व्यवस्था को लेकर भी वे परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डिस्कॉम ने सभी पांच पोल की जर्जर तारें नहीं बदलीं और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया तो आंदोलन तेज करते हुए चक्का जाम किया जाएगा। पूर्व पार्षद मदन बाघला ने वार्डवासियों की मांग को जायज बताते हुए उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि डिस्कॉम ने सभी पांच पोल की तार नहीं बदली तो वार्डवासियों की ओर से उठाए जाने वाले आंदोलनात्मक कदम में वे भी उनके साथ खड़े रहेंगे।

Electricity-Wire

About The Author

Related Posts