Alwar Road Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, अलवर में पिकअप-ट्रक टकराए, 3 युवकों की मौत
मेरठ से अलवर जा रहे थे पांचों युवक
Delhi-Mumbai Expressway Accident: अलवर (सच कहूँ न्यूज़)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। दुर्घटना गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में सिरमौर पुलिया के नजदीक सुबह करीब 4 बजे हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। Alwar Road Accident
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में मेरठ, उत्तर प्रदेश के पांच युवक सवार थे। सभी लोग पौधों को लेकर अलवर के राजगढ़ क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस जा रहे थे। वहां उन्हें पौधारोपण का काम करना था। यात्रा के दौरान तीन युवक पिकअप के पिछले हिस्से में आराम कर रहे थे, जबकि चालक समेत दो लोग वाहन के आगे बने केबिन में बैठे थे।
गोविंदगढ़ थाना पुलिस के एसएचओ धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, पिकअप का अगला हिस्सा एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे डिवाइडर से जा भिड़ी। इसके बाद तेज गति में वाहन पलट गया और काफी दूरी तक सड़क पर घिसटता हुआ दूसरी ओर जा पहुंचा। हादसे के दौरान पिकअप के पिछले हिस्से में मौजूद तीन युवक वाहन के नीचे दब गए।
मौके पर ही तीन की मौत | Alwar Road Accident
पिकअप के नीचे दबने के कारण तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान शाहदाव (45), सबाहत (25) और अफसर (22) के रूप में हुई है। वहीं वाहन चालक उजैर और उसके साथ केबिन में बैठे औरंगजेब घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घायलों ने पूछताछ में बताया कि वे मेरठ में नर्सरी से जुड़े काम में लगे हैं। पौधों की बिक्री के साथ-साथ अलग-अलग स्थानों पर पौधारोपण का काम भी करते हैं। राजगढ़ के एक फार्म हाउस में पौधे लगाने का काम मिलने के बाद पांचों युवक पिकअप में पौधे लेकर वहां के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में यह हादसा हो गया।
एक मृतक पांच बच्चों का पिता
हादसे में जान गंवाने वाले 45 वर्षीय शाहदाव के परिवार में पांच बच्चे हैं। वहीं सबाहत और अफसर की शादी नहीं हुई थी। दुर्घटना की खबर परिवारों तक पहुंचने के बाद वहां मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को सामने ला दिया है। Alwar Road Accident