युवती का अपहरण, मारपीट और लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी, सोने का लॉकेट व बीयर की बोतल बरामद
फरीदाबाद, (सच कहूँ न्यूज़)। आईएमटी चौक क्षेत्र से ईको वाहन में एक युवती को जबरन ले जाने, उसके साथ मारपीट करने और सोने का लॉकेट लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश नरवत, निवासी गांव खेड़ी कलां, थाना बीपीटीपी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। Faridabad News
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक घटना 10 अगस्त की शाम गांव चंदावली के पास आईएमटी चौक इलाके में हुई थी। आरोप है कि एक अज्ञात ईको वाहन चालक युवती को अपनी गाड़ी में ले गया। पुलिस के मुताबिक वाहन में ले जाने के दौरान युवती के साथ मारपीट की गई और उसके गले से सोने का लॉकेट निकाल लिया गया। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेक्टर-65 को सौंपी गई।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
अपराध शाखा की टीम ने प्रभारी जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में मामले की जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद योगेश नरवत को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अदालत के निर्देश पर 24 अगस्त को आरोपी की शिनाख्त परेड भी कराई गई। इसके बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वस्तुओं की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई शुरू की। Faridabad News
अपराध शाखा ने आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और निशानदेही के आधार पर वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी, युवती से कथित रूप से लूटा गया सोने का लॉकेट/कंठी और मारपीट के दौरान इस्तेमाल की गई बताई जा रही बीयर की बोतल बरामद की गई। बरामदगी की कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
पुलिस जांच में आरोपी के पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में थाना तिगांव क्षेत्र में दर्ज एक लूट के मामले में भी आरोपी का नाम सामने आया था। इसके अलावा वर्ष 2020 में थाना खेड़ीपुल में उसके खिलाफ गृहभेदन से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के पुराने रिकॉर्ड के आधार पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। Faridabad News