Shramdan Divas: जिले के अनेक विद्यालयों में मनाया गया श्रमदान दिवस
श्रमदान से चमके स्कूल परिसर, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: उपायुक्त नेहा सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले के सभी खंडों के विद्यालयों में श्रमदान दिवस एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यालय परिसरों में ग्राम पंचायत के सहयोग से स्वच्छता, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण की गतिविधियां की गईं।
विद्यालय मुखियाओं ने स्वयं आगे बढ़कर किया श्रमदान
स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यालय मुखियाओं ने स्वयं आगे बढ़कर श्रमदान करते हुए अभियान का नेतृत्व किया। अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ विद्यालय परिसर, कक्षाओं, बरामदों, खेल मैदान, पेयजल स्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।
ग्राम पंचायत और एसएमसी सदस्यों ने दिया पूरा सहयोग
अभियान में एसएमसी सदस्यों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी भी विशेष रूप से देखने को मिली। कई विद्यालयों में ग्रामीणों एवं एसएमसी सदस्यों ने अपने निजी साधनों, जैसे ट्रैक्टर, रेहड़ी आदि का उपयोग करते हुए विद्यालय परिसर से कूड़ा-कचरा एवं अनावश्यक सामग्री हटाने में सहयोग दिया।
विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यार्थी’ की भावना हुई मजबूत
जिले के सभी विद्यालयों में आयोजित इस सामूहिक अभियान से स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यार्थी की भावना को मजबूती मिली अभियान ने विद्यार्थियों में स्वच्छता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता के संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
विद्यालय बच्चों में स्वच्छता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के सबसे महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने अभियान में सक्रिय भागीदारी करने वाले विद्यालय मुखियाओं, अध्यापकों, विद्यार्थियों, एसएमसी सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
2.jpg)