Ayushman Yojana: हरियाणा में आयुष्मान सेवाओं पर संकट! 15 सितंबर से बंद होंगी आयुष्मान की सेवाएं

आईएमए का फैसला, IMA ने 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान

Published On

IMA Protest: सिरसा (सच कहूँ न्यूज़)। आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों को लंबित भुगतान नहीं मिलने से हरियाणा में निजी चिकित्सकों और सरकार के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) से जुड़े चिकित्सकों ने बैठक के बाद फैसला लिया है कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आयुष्मान सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। Ayushman Yojana

सिरसा में शनिवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि पहले चरण में 1 सितंबर को सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। इस दौरान आयुष्मान योजना से संबंधित सेवाएं उपलब्ध नहीं कराने का फैसला लिया गया है। इसके बाद भी सरकार की ओर से भुगतान को लेकर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

लंबे समय से भुगतान लंबित होने का दावा

IMA के सिरसा जिला प्रधान डॉ. सौरव वालिया ने कहा कि राज्य सरकार के स्तर पर आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों का भुगतान लंबे समय से लंबित है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में सरकार की ओर से कई बार लिखित आश्वासन दिए गए, लेकिन अस्पतालों को अभी तक लंबित राशि नहीं मिल सकी है। चिकित्सकों के मुताबिक भुगतान अटकने से आयुष्मान योजना के अंतर्गत मरीजों का उपचार करने वाले अस्पतालों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। Ayushman Yojana

IMA पदाधिकारियों का कहना है कि अस्पतालों को नियमित संचालन से जुड़े कई खर्च अपनी ओर से वहन करने पड़ रहे हैं। इनमें कर्मचारियों के वेतन के साथ डॉक्टरों, चिकित्सा सामग्री, एनेस्थीसिया सेवाओं, बाल रोग विशेषज्ञों और बिजली सहित अन्य जरूरी खर्च शामिल हैं। चिकित्सकों ने यह भी दावा किया कि आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल अभी भी करीब चार वर्ष पुराने पैकेज रेट पर सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा लागत बढ़ने के कारण इन दरों पर अस्पतालों के लिए सेवाएं जारी रखना आर्थिक रूप से कठिन होता जा रहा है।

1 सितंबर को टोकन स्ट्राइक

IMA हरियाणा ने मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए 1 सितंबर को टोकन स्ट्राइक करने का निर्णय लिया है। संगठन के अनुसार, उस दिन आयुष्मान योजना के तहत किसी प्रकार का काम नहीं किया जाएगा। चिकित्सकों ने कहा कि यदि इस सांकेतिक विरोध के बाद भी सरकार की ओर से लंबित भुगतान और अन्य मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 15 सितंबर से आयुष्मान सेवाओं को अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया जाएगा।

IMA हरियाणा ने कहा कि आयुष्मान कार्ड धारकों को प्रस्तावित आंदोलन के कारण होने वाली परेशानी का उसे खेद है। संगठन का कहना है कि अस्पतालों को लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने और मौजूदा दरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए यह कदम उठाने की स्थिति बनी है। बैठक में डॉ. नरेश पेडीवाल, डॉ. आशीष खुराना, डॉ. अंजनी अग्रवाल और डॉ. वीवी गोयल समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे। अब इस मामले में सरकार की अगली कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि आयुष्मान सेवाओं के प्रभावित होने से योजना के तहत उपचार लेने वाले मरीजों पर सीधा असर पड़ सकता है। Ayushman Yojana

About The Author

Related Posts