National Sports Day: राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल प्रतिभाएं सम्मानित
खेलों में समर्पण और अनुशासन से बनाएं पहचान : आरडी सिंह
हनुमानगढ़। मेजर ध्यानचंद की जयंती के मौके पर शनिवार को टाउन स्थित डीएवी सैंटेनरी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएवी गान से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में द्रोणाचार्य अवार्डी आरडी सिंह तथा जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस मौके पर डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के लिए चयनित विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों एवं विद्यालय के प्राचार्य परमजीत कुमार ने सम्मानित किया तथा आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति समर्पण, नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
द्रोणाचार्य अवार्डी आरडी सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनकी मेहनत और खेल के प्रति लगन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों में खेल भावना, उत्साह और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्राचार्य परमजीत कुमार ने मेजर ध्यानचंद के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायी घटनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को उनके संघर्ष, समर्पण और देशभक्ति से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।