दुकानदार के साथ मारपीट करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
फर्नीचर दुकान में घुसकर दुकानदार से मारपीट
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी के सिटी थाना पुलिस ने दुकान के अंदर घुसकर दुकानदार के साथ मारपीट करने के मामले में वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी मनदीप ने सिटी थना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि खरकड़ी फाटक के पास उसकी फर्नीचर की दुकान है। उसकी दुकान पर पहले सोनू, धर्मेंद्र व कृष काम करते थे। पैसों के लेन-देन को लेकर शिकायतकर्ता का उक्त तीनों के साथ विवाद हो गया था, जिसके बाद उन्होंने दुकान पर काम करना छोड़ दिया था।
25 अगस्त को शिकायतकर्ता अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दुकान पर आए और दुकान के अंदर घुसकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अभियोग थाना शहर भिवानी में दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए बीटीएम चौकी के मुख्य सिपाही रोहित कुमार ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान संडवा निवासी सोनू, शिव नगर कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र, मंढ़ाणा निवासी बलवंत व भगत सिंह कॉलोनी निवासी कृष्ण के रूप में हुई।