भिवानी में कचरे के ढेर पर प्रशासन का एक्शन, युद्धस्तर पर सफाई अभियान शुरू; 12 ट्रैक्टर - 3 JCB और पुलिस तैनात
कचरे के ढेर पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, भिवानी में 12 ट्रैक्टर और 3 जेसीबी मैदान में
भिवानी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी शहर में लंबे समय से चल रही सफाई व्यवस्था की समस्या के बीच अब प्रशासन ने कचरा उठाने का अभियान तेज कर दिया है। नगर परिषद की देखरेख में शहर के अलग-अलग हिस्सों से कचरा उठाया जा रहा है। इस दौरान सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस की भी तैनाती की गई है। प्रशासन का दावा है कि डोर-टू-डोर कचरा उठाने का काम करीब 90 से 95 प्रतिशत तक सफल रहा है।
दरअसल, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए थे। इसके बाद अब प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए व्यापक स्तर पर सफाई अभियान शुरू किया है। नगर परिषद और प्रशासन की निगरानी में शहर के अंदर और बाहरी इलाकों में कचरा उठाने का काम किया जा रहा है। श्री श्याम वेस्ट मैनेजमेंट के डायरेक्टर देविंद्र मलिक ने बताया कि प्रशासन और नगर परिषद का पूरा सहयोग मिल रहा है। उनके मुताबिक पुलिस की बस, राइडर और क्कष्टक्र की तैनाती की गई है। लोडरों के साथ पुलिसकर्मी और टिप्परों के साथ राइडर लगाए गए हैं, ताकि सफाई अभियान में किसी तरह की परेशानी न आए। उन्होंने बताया कि सफाई अभियान में 12 ट्रैक्टर और 3 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। कंपनी के मुताबिक सामान्य दिनों में करीब 150 से 160 मीट्रिक टन कचरा उठाया जाता है, जबकि मौजूदा हालात में यह मात्रा बढकर 250 से 300 मीट्रिक टन प्रतिदिन तक पहुंच रही है।
प्रशासन की अपील
मलिक ने शहरवासियों से अपील की है कि अगर किसी दिन कचरा उठाने में देरी हो तो लोग उसे सड़क पर न डालें, बल्कि एक-दो दिन घर में ही डस्टबिन में रखने की कोशिश करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कचरा एक दिन नहीं तो अगले दिन जरूर उठाया जाएगा। नगर परिषद पार्षद अंकुर कौशिक ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस सुरक्षा के बीच कचरा उठाने का काम किया जा रहा है और प्रशासन अच्छा प्रयास कर रहा है। उन्होंने यह भी माना कि लंबे समय तक सफाई व्यवस्था प्रभावित रहने के कारण शहर में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया था।
भिवानी के डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में भी शहर के कई हिस्सों में सफाई कराई गई है। जहां अभी भी कचरा लंबित है, वहां भी सफाई अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि सफाई बेहद महत्वपूर्ण मुद्दा है और प्रशासन का प्रयास है कि शहर में जहां-जहां कचरा फैला हुआ है, उसे पूरी तरह साफ कराया जाए। कचरा जमा होने के कारण मच्छर और मक्खियों की बढ़ती समस्या को देखते हुए फॉगिंग पर भी जोर दिया जा रहा है।