शिक्षा और रोजगार
Extortion Case: भूना में आढ़ती से मांगी 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला,व्यापारी को मिली सुरक्षा
WhatsApp Voice Call पर खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताया, दो दिन में जवाब देने को कहा; पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
भूना (संगीता रानी /सच कहूं)। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना की अनाज मंडी में एक आढ़ती से व्हाट्सऐप वॉइस कॉल के जरिए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है शिकायत के मुताबिक, कॉल करने वाले व्यक्ति ने रकम नहीं देने पर कारोबार को नुकसान पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और व्यापारी को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
दो दिन में मांगा जवाब, खुद को गैंग से जुड़ा बताया
अनाज मंडी की फर्म देवी लाल कलवंत राय के मालिक आढ़ती देवी दयाल ने रविवार को थाना प्रभारी कंवर सिंह को शिकायत दी। शिकायत के अनुसार, उन्हें व्हाट्सऐप वॉइस कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अपना नाम गीली राणा बताया और खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा होने का दावा किया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि कॉल करने वाले ने अपनी पहचान की पुष्टि के लिए गैंग के किसी अन्य व्यक्ति से बात करवाने का दावा किया।

2025 में भी सामने आया था ऐसा मामला
भूना अनाज मंडी में रंगदारी की धमकी का यह पहला मामला नहीं बताया जा रहा है। 23 फरवरी 2025 को भी एक गेहूं व्यापारी को व्हाट्सऐप वॉइस कॉल के माध्यम से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की शिकायत सामने आई थी। लगातार इस तरह की घटनाओं की चर्चा के बाद मंडी के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
STF समेत चार टीमें जांच में जुटीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ, सीआईए फतेहाबाद, सीआईए रतिया और भूना पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस कॉल से जुड़े मोबाइल नंबर, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों की जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी कथित गैंग से संबद्धता की पुलिस जांच कर रही है।
व्यापारियों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
भूना अनाज मंडी में सामने आए इस मामले ने स्थानीय व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने शिकायतकर्ता व्यापारी को सुरक्षा उपलब्ध कराई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कॉल किसने की, रंगदारी मांगने के पीछे कौन लोग हैं और क्या आरोपी का किसी संगठित गिरोह से वास्तव में कोई संबंध है।