अंबाला के नग्गल थाने में एसएचओ की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

अंबाला के नग्गल थाने में एसएचओ की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

Published On

अंबाला (सच कहूँ न्यूज़)। Ambala News: हरियाणा के अंबाला जिले में शनिवार दोपहर नग्गल थाने के भीतर सब इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर लगभग 3:15 बजे परिसर के अंदर घटी, जहां शव के पास ही उनकी सर्विस रिवॉल्वर बरामद हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर सुसाइड की आशंका जता रही है, हालांकि गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कुरुक्षेत्र जिले के रामगढ़ रोड निवासी कर्मवीर सिंह बीते एक वर्ष से नग्गल थाने में बतौर एसएचओ तैनात थे। घटना के कारणों को समझने के लिए पुलिस की टीमें मृतक के मोबाइल फोन तथा अन्य विभागीय दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। स्थानीय पुलिस प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत मामले के हर पहलू की गहराई से पड़ताल करने में लगी है।

डीएसपी मुख्यालय विजय सिंह ने बताया कि पुलिस को कर्मवीर सिंह के गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें कितनी गोलियां लगी हैं और घटना की वास्तविक वजह क्या रही।

अंबाला में सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व नवंबर 2013 में करनाल निवासी एसआई करण सिंह ने भी अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय मृतक अधिकारी ने अपने सुसाइड नोट में विभाग के तीन पुलिसकर्मियों पर उकसाने का आरोप लगाया था, जिसमें तत्कालीन इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, सुरेश की पत्नी कांस्टेबल संगीता और एएसआई जगमाल सिंह के नाम शामिल थे।

 

Ambala News
एसएचओ कर्मवीर सिंह की फाइल फोटो

About The Author

Related Posts