तसव्वर हत्याकांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद
पकड़े गए बदमाश पर पुलिस ने घोषित कर रखा था पच्चीस हजार रुपये का इनाम, विगत 24 अगस्त की रात्रि गांव तीतरवाड़ा में युवक पर हमला करने पहुंचे बाइक सवार बदमाशों की ग्रामीणों ने कर ली थी घेराबंदी
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: पुलिस ने गांव तीतरवाड़ा में हुए तसव्वर हत्याकांड के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद किया है। हत्यारोपी पर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस इससे पूर्व ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए दो बदमाशों को जेल भेज चुकी है।
विगत 24 अगस्त की रात्रि करीब दस बजे बाइक सवार तीन बदमाश गांव तीतरवाड़ा में सद्दाम नामक युवक पर हमला करने पहुंचे थे। ग्रामीणों के अनुसार, बदमाशों ने घर के बाहर खड़े सद्दाम पर फायरिंग की थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था। फायरिंग पर ग्रामीण चौकन्ना हो गए थे। उन्होंने गांव के बाहर स्थित ईदगाह के निकट बदमाशों की घेराबंदी कर ली थी। घेराबंदी से बचने के लिए बदमाशों ने ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें एक गोली 35 वर्षीय युवक तसव्वर के पेट में जाकर लग गई थी। ग्रामीणों ने दो बदमाशों को मौके पर ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था, जबकि एक बदमाश मौके से फरार हो गया था। वहीं, गोली लगने से घायल हुए तसव्वर को उपचार हेतु संयुक्त जिला चिकित्सालय शामली में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतक तसव्वर के भाई सनव्वर ने कोतवाली कैराना पर झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मंसूरा निवासी बिलाल उर्फ बिल्लू समेत कई आरोपियों के विरुद्ध घटना का मुकदमा दर्ज कराया था।
इसी क्रम में शनिवार को एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की टीम ने प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए घटना में नामजद तीसरे आरोपी गौरव निवासी ऊंचागांव को गिरफ्तार कर लिया, जिसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तार हत्यारोपी को पुलिस ने चालान करके जेल भेज दिया है। पुलिस इससे पूर्व ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए सोनिज व मुबारिक को जेल भेज चुकी है, जबकि नामजद आरोपी बिलाल उर्फ बिल्लू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है।