सेफ्टिक टैंक में दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत, गोपालगंज में मचा हड़कंप

बिहार के गोपालगंज में सेफ्टिक टैंक में चार श्रमिक फंसे, दम घुटने से सभी की मौत

Published On

गोपालगंज (एजेंसी)। Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज जिले में शनिवार को दर्दनाक हादसे में सेफ्टिक टैंक के अंदर दम घुटने से चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनही गोपाल गांव की है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। बताया जा रहा है कि गांव में एक सेफ्टिक टैंक का निर्माण कराया गया था। शनिवार को मजदूर टैंक के अंदर लगी सटरिंग खोलने का काम कर रहे थे। इसी दौरान एक मजदूर अचानक टैंक के अंदर फंस गया। उसे बचाने के लिए तीन अन्य मजदूर भी एक-एक कर टैंक के अंदर चले गए। कुछ ही देर बाद चारों मजदूर अंदर ही बेहोश हो गए।

आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से चारों की मौत हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों की निगरानी में बचाव अभियान चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों के शवों को सेफ्टिक टैंक से बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान बंटी बैठा उर्फ राकेश, जावेद आलम उर्फ टीपू, उमेश यादव और शबे आलम के रूप में हुई है। हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सभी मृतक इसी गांव के रहने वाले थे। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं।

जांच टीम हादसे के कारणों के साथ-साथ निर्माण कार्य के दौरान अपनाए गए सुरक्षा मानकों की भी जांच करेगी। प्रशासन की ओर से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सेफ्टिक टैंक के अंदर काम करने से पहले मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं या नहीं। अधिकारियों ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Gopalganj News
Gopalganj News: सेफ्टिक टैंक में दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत, गोपालगंज में मचा हड़कंप

About The Author

Related Posts