Rescue Operation: यमुना में डूबे दो सगे भाइयों की तलाश में जुटी टीमें, अभियान में नहीं रहने देंगे कोई कमी
विधायक देवेंद्र कादियान ने मौके पर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली
सोनीपत,(सच कहूं)। बेगा घाट पर यमुना नदी में स्नान करने गए सनपेड़ा गांव के दो सगे भाई सत्यम (15) और शिवम (17) डूब गए। उनके साथ गया एक अन्य युवक सुरक्षित बचा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों भाइयों की तलाश शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र कादियान भी बेगा घाट पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और कहा कि घटना बेहद दुखद है।
बच्चों की तलाश में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से अभियान की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि एनडीआरएफ के गोताखोरों को भी बुलाया गया है। प्रशासन की टीमें बच्चों की तलाश में जुटी हैं। कादियान ने कहा कि वे अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।