युवक की पीट-पीटकर हत्या, गुस्साए परिजनों ने एसपी दफ्तर घेरा
साजिश के तहत युवक को बुलाकर हत्या करने का आरोप
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: रविंद्र नामक युवक की हत्या के मामले को लेकर शुक्रवार को भिवानी के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर परिजनों और ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब 25 वर्षीय युवक हांसी में काम करता था और वह अपनी बीमार मां का हालचाल जानने के लिए गांव आया हुआ था। परिजनों का आरोप है कि एक सोची-समझी साजिश के तहत उसे फोन करवाकर बहाने से बाहर बुलाया गया।
इसके बाद कई लोगों ने रास्ते से उसका अपहरण कर लिया और किसी अन्य स्थान पर ले जाकर लाठी-डंडों व लोहे के सरियों से उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रदर्शन के दौरान पीड़ित परिवार की महिलाओं शीला, सलोनी व बिमला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने न केवल युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया, बल्कि उसके परिजनों को भी धमकाया। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी और साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर निष्पक्ष जांच और सभी संलिप्त लोगों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। परिजनों ने दो टूक कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।