पालिका की दुकानों की बोली में पारदर्शिता की मांग, सभासदों व व्यापारियों ने उठाए सवाल
सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के बाद खुले मंच पर बोली कराने की मांग
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: नगर पालिका परिषद की दुकानों की प्रस्तावित बोली को लेकर सभासदों एवं व्यापारियों ने पालिका अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने बोली प्रक्रिया की सूचना का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने पर सवाल उठाते हुए पूर्ण पारदर्शिता की मांग की है।
शनिवार को सभासद शगुन मित्तल एडवोकेट तथा सभासद पति सागर गर्ग व्यापारियों के साथ नगर पालिका परिषद के कार्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने कार्यालय अधीक्षक जैगम हुसैन एवं बाबू इनाम से दुकानों की प्रस्तावित बोली को लेकर वार्ता की। उनका कहना था कि बोली की सूचना का नगर में पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया और मुनादी के माध्यम से भी लोगों तक व्यापक स्तर पर जानकारी नहीं पहुंच सकी।
उन्होंने मांग की है कि बोली की तारीख और समय की सूचना दैनिक समाचार-पत्रों समेत विभिन्न माध्यमों से व्यापक रूप से प्रचारित की जाए। साथ ही, नगर के सभी प्रमुख व्यापारी नेताओं को भी इसकी जानकारी दी जाए, ताकि वह अपने संगठनों एवं ग्रुपों के माध्यम से अधिक से अधिक व्यापारियों तक सूचना पहुंचा सकें। सभासदों ने कहा कि पर्याप्त प्रचार-प्रसार के बाद दुकानों की बोली खुले मंच पर सभी के सामने कराई जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और इच्छुक व्यापारी अधिक से अधिक संख्या में इसमें भाग ले सकें। इस दौरान मजहर खान, अनुज मित्तल, अनिल गुप्ता, परवेज, नफीस, दिनेश, अभिषेक व महताब आदि मौजूद रहे।