Pollution: कण्डेला में औद्योगिक इकाइयों से फैल रहा प्रदूषण, ग्रामीणों में पनप रहा आक्रोश

ग्रामीणों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुजफ्फरनगर व लखनऊ कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से भेजी शिकायत

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: औद्योगिक क्षेत्र कण्डेला में संचालित कई फैक्ट्रियों से फैल रहे वायु एवं जल प्रदूषण से ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय एवं प्रदेशीय कार्यालय में की है। साथ ही, मामले में कार्यवाही न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं, एसडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्यवाही की बात कही है। 

कण्डेला औद्योगिक क्षेत्र में संचालित कई इकाइयों से निकलने वाले धुंए एवं रसायनयुक्त कचरे से ग्रामीण परेशान है। ग्रामीणों ने मामले को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुजफ्फरनगर व लखनऊ कार्यालय को ई-मेल के जरिए शिकायत भेजी है। शिकायत में आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र में कई फैक्ट्रियां प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करके संचालित की जा रही है, जिससे गम्भीर पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो गया है। इन फैक्ट्रियों के द्वारा रात के समय घना काला व जहरीला धुंआ हवा में छोड़ा जा रहा है, जिससे वायु दूषित हो रही है और क्षेत्र के बाशिंदों के फेफड़ों, सांस की नली व स्वास्थ्य पर घातक प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा, इन फैक्ट्रियों के अंदर 150 से 200 फीट गहरे बोरवेल किये गए है, जिनसे रसायनयुक्त कचरा बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधा जमीन में उतारा जा है।

इस कचरे से भू-जल दूषित हो रहा है और स्थानीय लोग हेपेटाइटिस-सी सरीखी गम्भीर बीमारियों का शिकार हो रहे है। शिकायत में कहा गया है कि यह व्यक्ति के मौलिक अधिकार का हनन है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद-21 के तहत जीवन एवं स्वतंत्रता के अधिकार के अंतर्गत मिले स्वच्छ पर्यावरण का स्पष्ट उल्लंघन है। शिकायत में इन फैक्ट्रियों से हो रहे प्रदूषण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराकर उचित कार्यवाही किये जाने की मांग की गई है। साथ ही, ऐसा न होने पर ग्रामीणों ने अपने स्वास्थ्य की रक्षा के दृष्टिगत आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है। शिकायतकर्ताओं में गांव कण्डेला, हिंगोखेड़ी, शेखूपुरा व जगनपुर के शिवम, आकाश, पंकज आदि ग्रामीण शामिल है। वहीं, इस सम्बन्ध में एसडीएम कैराना शिवाजी यादव का कहना है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से मामले की जांच कराई जाएगी। प्रदूषण के मानकों के विपरीत संचालित फैक्ट्रियों के विरुद्ध विधिवत कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। किसी को भी नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नही है।

प्रदूषण के मुद्दे पर पंचायत करने पर विचार कर रहे है ग्रामीण

गांव कण्डेला, हिंगोखेड़ी, जगनपुर व शेखूपुरा के ग्रामीण प्रदूषण के मसले पर काफी आक्रोशित नजर आ रहे है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर संचालित 'आदर्श गांव कण्डेला' में शामिल ग्रामीणों के द्वारा प्रदूषण के मुद्दे पर काफी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है। औद्योगिक इकाइयों से फैल रहे प्रदूषण को ग्रामीण भावी पीढ़ी के भविष्य पर संकट पैदा करने की बात कह रहे है। इसी विषय पर ग्रामीण शीघ्र ही एक सार्वजनिक पंचायत करने की तैयारी में है, जिसमें प्रदूषण फैला रही फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित कराए जाने हेतु अग्रिम रणनीति तय की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों में पनप रहे आक्रोश से फैक्ट्री संचालक भी वाकिफ हो गए है।

 

About The Author

Related Posts