Punjab News: पंजाब के सिर फिर बढ़ेगा कर्ज का बोझ, 2 हजार करोड़ का कर्ज लेने की तैयारी

27 अगस्त को बाजार से लिया जाएगा कर्ज, सरकारी बॉन्ड बेचने की तैयारी

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Punjab News: पंजाब सरकार के सिर से कर्ज का बोझ उतरने की बजाय बढ़ता ही जा रहा है। सरकार ने एक बार फिर 2 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने की तैयारी कर ली है और 27 अगस्त को बाजार से यह 2 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया जाएगा। इसके लिए बाकायदा पंजाब सरकार द्वारा एस.जी.एस. बॉन्ड भी जारी कर दिए गए हैं। पंजाब सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये का कर्ज 7.02 प्रतिशत ब्याज दर पर लिया जा रहा है, जबकि 1500 करोड़ रुपये का कर्ज 7.62 प्रतिशत ब्याज दर पर लिया जा रहा है। पंजाब सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये का कर्ज 1 जुलाई 2030 तक और 1500 करोड़ रुपये का कर्ज 1 जुलाई 2039 तक के लिए लिया जा रहा है।

इससे साफ है कि आने वाले 13 वर्षों तक पंजाब की जनता इस कर्ज का बोझ उठाती नजर आएगी। पंजाब सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे कर्ज को लेकर सरकार की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल खड़े होते नजर आ रहे हैं, क्योंकि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा हमेशा कहा जाता रहा है कि उनके कार्यकाल में कभी भी खजाना खाली नहीं हुआ और हमेशा खजाना भरा रहा है। इसके बावजूद पंजाब सरकार द्वारा लगातार हर माह बाजार से नया कर्ज लेते हुए पंजाब के सिर पर कर्ज का बोझ बढ़ाया जा रहा है। 

पंजाब के सिर इस समय 5 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज 

इस समय पंजाब के सिर पर 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज चढ़ चुका है और आने वाले दिनों में भी इस कर्ज के बोझ से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। उल्टा हर माह नया कर्ज लिया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा कहा जाता रहा है कि इस कर्ज को लेने का फैसला पंजाब सरकार पहले ही कर चुकी थी और इसके बारे में बजट में भी जानकारी दी गई थी। साथ ही, इस कर्ज को लेने के पीछे उनके द्वारा पुराने कर्ज को चुकाने का तर्क भी दिया जाता रहा है।

Punjab News

About The Author

Related Posts