सरकारी कर्मचारियों को जारी करें ‘कारण बताओ नोटिस’, सरकार ने दिए सख्त आदेश

कर्मचारी बोले, हम घबराने वाले नहीं, एक नहीं, एक हजार नोटिस जारी कर दो

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पंजाब में 27 अगस्त को महाहड़ताल करने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्ती बढ़ाते हुए पंजाब सरकार ने गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। इन आदेशों को तुरंत लागू करने के साथ ही संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है। दूसरी ओर, पंजाब की सरकारी कर्मचारी यूनियनों और संगठनों के नेताओं ने भी दो टूक शब्दों में कहा है कि पंजाब सरकार एक कारण बताओ नोटिस की बजाय एक हजार कारण बताओ नोटिस जारी कर दे, लेकिन अब सरकारी कर्मचारी किसी भी हालत में पीछे हटने वाले नहीं हैं और सरकार के साथ अंतिम फैसला होने के बाद ही शांत होंगे।

पंजाब सरकार और सरकारी कर्मचारियों के बीच चल रहे इस टकराव में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह राजा वड़िंग भी कर्मचारियों के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार गलत कदम उठा रही है और सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ उठाया गया यह कदम सरकार पर काफी भारी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अभी भी समय है कि वह सरकारी कर्मचारियों को उनके जायज अधिकार देते हुए अपनी गलती सुधार ले, अन्यथा सरकार को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, पंजाब के प्रत्येक विभाग में बनी सरकारी कर्मचारी यूनियनों और संगठनों ने पहली बार एक मंच पर एकत्रित होकर 27 अगस्त को अपने हक के महंगाई भत्ते की बकाया किस्तों को लेकर पूरे पंजाब में महाहड़ताल की थी। इस महाहड़ताल से पहले सभी कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लेने का फैसला भी किया था। सरकारी कर्मचारी यूनियन के नेताओं का दावा है कि 3 लाख से अधिक कार्यरत सरकारी कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लेकर रैलियों में भाग लिया था, जबकि इससे भी अधिक पेंशनरों ने इस हड़ताल का समर्थन किया था। इस महाहड़ताल के कारण सरकार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते अब कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

हालांकि, कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने अवकाश लेकर यह हड़ताल की थी। यदि किसी कर्मचारी ने गलती से अवकाश नहीं लिया या उसका अवकाश स्वीकृत नहीं हुआ, तो वे उसके खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं होने देंगे। शनिवार को अवकाश के दिन पंजाब के सामान्य एवं प्रशासन विभाग की ओर से पूरे पंजाब के विभागों के उच्च अधिकारियों को आदेश जारी किए गए कि 27 अगस्त को जो भी सरकारी कर्मचारी गैरकानूनी तरीके से गैरहाजिर रहे, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इन आदेशों के जारी होने के बाद यह भी पता चला है कि अब तक करीब 2,764 सरकारी कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए हैं, जबकि कई विभागों में कर्मचारियों की सूचियाँ तैयार की जा रही हैं। इन सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।

राजा वड़िंग ने सरकार को दी कड़ी चेतावनी 

पंजाब में हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सीधी और कड़ी चेतावनी दी है। वड़िंग ने कहा कि यदि सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ धक्केशाही या जबरन कार्रवाई करने की कोशिश की तो इसके गंभीर राजनीतिक परिणाम सामने आएंगे। चंडीगढ़ में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए वड़िंग ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना कर्मचारियों का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार धमकियाँ देकर कर्मचारियों की आवाज को दबा नहीं सकती। वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को खुली चुनौती देते हुए कहा कि, ‘कार्रवाई करके तो देखो, वह दिन पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार का आखिरी दिन होगा।

Government-screws-775-farmers-will-get-notice

About The Author

Related Posts